सबसे गर्म शहर रहा खजुराहो, पारा 49 की ओर

भोपाल,मध्यप्रदेश सहित उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। सोमवार को सीजन का सर्वाधिक गर्म दिन खजुराहो में रिकॉर्ड किया गया। यहां पारा 49 डिग्री की ओर बढ़ गया। मध्यप्रदेश में पचमढ़ी को छोड़कर सभी शहरों में पारा 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी भोपाल में पारा 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, यह पिछले तीनों दिनों के तापमान से थोड़ा कम हुआ है। वहीं, खजुराहो सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 48.6 डिग्री पहुंच गया। विभाग के अनुसार, पारे की स्थिति प्रदेश के सभी शहरों में यही रही। अधिकांश हिस्सों में पारा 44 डिग्री से अधिक रहा। पचमढ़ी में पारा 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन के तापमान में लगातार वृद्धि के बावजूद न्यूनम तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। ज्यादातर जिले लू की चपेट में रहे।
बढ़ेगा तापमान, चलेगी लू
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में तापमान में वृद्धि की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार, तापमान 45 डिग्री और इससे अधिक हो सकता है। इसके अलावा ग्वालियर, भोपाल, सागर, उज्जैन, चंबल संभागों के जिलों, सतना, रीवा, उमरिया, होशंगाबाद, खरगौन, खंडवा, बुरहानपुर और बड़वानी जिलों में लू चलेगी। छतरपुर जिले में तीव्र लू की भी आशंका व्यक्त की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *