उदिता गोस्वामी ने निकलवाई थी पति मोहित सूरी की काल डिटेल्स

मुंबई, मुंबई में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के मामले में चल रही पुलिस जांच में बुधवार को पुलिस ने पूर्व बॉलिवुड अभिनेत्री उदिता गोस्वामी के बयान दर्ज किए। पुलिस को जांच में पता चला था कि सीडीआर केस में उदिता के पति और निर्देशक मोहित सूरी की कॉल डिटेल भी निकाली गई थी। इन काल डिटेलस को उदिता गोस्वामी को सौंपा गया था।
उदिता गोस्वामी अपने बयान दर्ज कराने अपने पति मोहित सूरी के साथ ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट पहुंची। पुलिस के मुताबिक, सीडीआर केस में चल रही जांच में पता चला कि उदिता गोस्वामी को कथित तौर परर 2014 में एक वकील के द्वारा मोहित सूरी की कॉल डिटेल दी गई थी। ठाणे क्राइम ब्रांच के सीनियर पुलिस इन्सपेक्टर नितिन ठाकरे ने इसे कन्फर्म करते हुए कहा, ‘उदिता को इस मामले में बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया था।’ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उदिता ने बताया कि वकील ने कथित तौर पर उन्हें कुछ दस्तावेज दिए थे और उनसे पूछा था कि उसे चेक करके बताएं कि क्या उन्हें किसी नंबर पर शक है। ठाणे क्राइम ब्रांच के डीसीपी अभिषेक त्रिमुखे ने कहा हमने बयान दर्ज कर लिए हैं और उनके आधार पर आगे की जांच की जाएगी। उदिता और मोहित ने हमें अपना पूरा सहयोग दिया है। क्राइम ब्रांच से जाते हुए मोहित सूरी ने कहा कि उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं हैं।
बता दें कि सीडीआर केस में पुलिस ने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। जनवरी में पुलिस को पता चला था कि कुछ निजी जासूस कॉल रिकॉर्ड डिटेल देने के लिए 20 से 50 हजार रुपये लोगों से वसूल कर रहे हैं। इस मामले में उदिता का स्टेटमेंट जैकी श्रॉफ की पत्नी आयशा श्रॉफ के 2 हफ्ते बाद दर्ज किया गया है। पुलिस ने 12 अप्रैल को आयशा का बयान दर्ज किया था। जांच में नाम आने के बाद पुलिस ने 20 मार्च को आयशा को पेश होने का समन भेजा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *