भोपाल,मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में हुए दर्दनाक सड़क दुर्घटना के महज चार घंटे के अंदर मप्र के दूसरे जिले होशंगाबाद में एक और भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां एक मैजिक और ट्रक की टक्कर में एक की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया है। इससे पहले छतरपुर वाले सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जानकारी के अनुसार, बाबई थाना के आंचलखेड़ा गांव के पास बुधवार सुबह एक मैजिक और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि मैजिक में सवार ड्राइवर ने मौके पर दम तोड़ दिया। इस हादसे में 5 लोग घायल हो गए।सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। जहां 5 घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों में इतना गुस्सा था कि पहले उन्होंने ट्रक में तोड़फोड़ की और फिर आग लगा दी। बाबई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है वाहन तेज गति होने के कारण यह हादसा हुआ है।
मप्र में दो भयावक सड़क हादसे, पांच लोगों की गई जान