नई दिल्ली,गैर-सब्सिडी वाले एलपीजी गैस की कीमत प्रति सिलिंडर ३५.५० रु घटा दी गई है, और सब्सिडी प्राप्त सिलिंडरों में मामूली १.७४ रुपये की कमी की गई है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने यह जानकारी दी। वहीं, सरकारी कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के शहरों में पाइप और कंप्रेस्ड प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की आपूर्ति के लिए दरें बढ़ा दी हैं। इंडियल ऑयल कॉर्प द्वारा घोषित संशोधित दरों के मुताबिक, १४.२ किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलिंडर की कीमत अब दिल्ली में ६५३.५० रुपये होगी, जबकि पहले यह ६८९ रुपये थी। इसी तरह गैर-सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडर की कीमत अब कोलकाता में ६७६ रुपये, मुंबई में ६२५ रुपये और चेन्नई में ६६३.५० रुपये होगी।
वहीं, सब्सिडी वाले सिलिंडर की कीमत (जो प्रत्येक ग्राहक एक साल में १२ ही ले सकता है) में मामूली १.७४ रुपये की कमी की गई है और यह दिल्ली में ४९१.३५ रुपये होगी, जबकि पहले यह ४९३ रुपये थी। तेल विपणन कंपनियों ने इसके साथ विमानों के ईधन (एटीएफ) या जेट ईधन में भी कटौती की है। दिल्ली में यह २३१ रुपये की कटौती के साथ ६१,४५० रुपये प्रति किलोलीटर में उपलब्ध होगा।
– एनसीआर में सीएनजी महंगी
इस दौरान, इंद्रप्रस्थ गैस लि.(आईजीएल) ने दिल्ली सीएनजी की कीमत में ९० पैसे प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है और घरेलू पाइप्ड गैस की कीमत में १.१५ रुपये प्रति स्टैडर्ड घट मीटर (एससीएम) की बढ़ोतरी की है। आईजीएल ने इसके अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की दरों में एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है।
गैर-सब्सिडी वाले एलपीजी गैस का सिलिंडर 35.50 रु सस्ता