बिलासपुर में खुलेंगे ऐसे ब्यूटी पॉर्लर,नजर आएंगे थर्ड जेंडर

बिलासपुर,छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में बहुत जल्द अपनी तरह के अनोखे ब्यूटी पॉर्लर संचालित होंगे। पॉर्लर में प्रशिक्षित युवतियों व महिलाओं के बजाय थर्ड जेंडर नजर आएंगे। दरअसल, केंद्र सरकार की कौशल उन्नयन योजना के तहत 9 किन्नरों ने बकायदा ब्यूटी पॉर्लर का कोर्स किया है। ये पॉर्लर में महिलाओं की खूबसूरती में चारचांद लगाएंगे। किन्नरों को मुख्यधारा में जोड़ने का केंद्र सरकार ने एक सुनहरा अवसर दिया है। थर्ड जेंडर के रूप में सम्मानजनक संबोधन हासिल करने के बाद इस वर्ग के युवाओं में न केवल आत्मसम्मान जागा है बल्कि काम करने की ललक भी दिखाई दे रही है। ब्यूटी पॉर्लर का कोर्स पूरा करने के बाद अब ये शहर के अलग-अलग हिस्सों में पॉर्लर खोलना चाहते हैं। इसके लिए केंद्र व राज्य शासन की योजना के तहत विभिन्न बैंकों से ऋण की सुविधा भी मुहैया कराई गई है। पॉर्लर के लिए इन लोगों ने जगह भी तय कर ली है। जल्द इनके पॉर्लर शहर के विभिन्न हिस्सों में नजर आएंगे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मद्देनजर थर्ड जेंडर को पुलिस में नौकरी देने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *