खरखौदा/सोनीपत,आज प्रदेश में असुरक्षा और अराजकता का माहौल है। हरियाणा को चौथी बार दंगों की आग में झुलसाने की साजिश भाजपा द्वारा रची जा रही है। जाति धर्म की राजनीति करते हुए भाई को भाई से लड़ाने से भाजपा बाज नहीं आ रही है। प्रदेश में आने वाले हर भाजपा नेता का जमीन से लेकर आकाश तक काले झंडों से स्वागत किया जाएगा। यह बात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर ने खरखौदा अनाज मंडी में आयोजित सत्ता परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कही। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज किसान से झूठ बोला जा रहा है। हर वर्ग को दबाते हुए हरियाणा को जलाया जा रहा है। अब समय आ गया है कि सत्ता परिवर्तन करते हुए भाजपा को प्रदेश से बाहर करने का काम किया जाए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि यह साल सत्ता परिवर्तन का है, ऐसे में एकजुट होकर सत्ता परिवर्तन करने में जुट जाएं। डॉ. तंवर ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में जन सैलाब खड़ा हो रहा है और सोमवार को रोहतक में होने वाले मंथन शिविर के रूप में इसका ब्लू प्रिट देखने को मिलेगा। इस मौके पर पवन खरखौदा, कंवर सिह खत्री आदि मौजूद थे।
भाजपा के हर नेता का काले झंडों से स्वागत करेगी कांग्रेस : तंवर