मुंबई,मुंबई के मलाड स्थित मालवानी इलाके में एक ट्यूशन टीचर ने दुसरे ट्यूशन टीचर की चाकू मारकर हत्या कर दी. बताया गया है कि उन दो ट्यूशन टीचर्स के बीच हुई मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई की एक की हत्या हो गई. पुलिस के पास सरेंडर करने पहुंचे ट्यूशन टीचर ने बताया कि उसने अपने ही साथी ट्यूशन टीचर की चाक़ू घोंपकर हत्या कर दी है. इस हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि एक ट्यूशन टीचर के क्लास से कुछ बच्चे दूसरे टीचर की क्लास में चले गए थे. दोनों टीचरों की ट्यूशन क्लास आमने-सामने ही थी. घटना गुरुवार शाम छह बजे की है जब आरोपी विजय हरिजन ने आरूप बिस्वास पर चाकू से सिर, सीने और पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस घटना में आरूप बुरी तरह से घायल हो गए, जिससे बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गयी. पुलिस के मुताबिक आरूप अपने घर में ही ट्यूशन क्लास चलाते थे. यह घटना आरूप के घर के ठीक बाहर ही हुआ. इस मामले में पुलिस और स्थानीय लोगों ने बताया कि विजय का आरूप से पहले ही विवाद था. इस घटना से कुछ दिन पहले कुछ बच्चे विजय की ट्यूशन क्लास को छोड़कर आरूप की क्लास में शामिल हो गए थे. जिसकी वजह से विजय को गुस्सा था और गुरुवार को उसने आरुप को उसके घर के सामने ही चाकू से घायल कर मार डाला. मालवणी पोलिस ने धारा 302 के तहत आरोपी विजय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
ट्यूशन पढ़ाने को लेकर एक टीचर ने किया दूसरे टीचर का मर्डर