इंदौर,शहर के बाहरी इलाके में सक्रिय सशस्त्र डकैतों ने आज अलसुबह खुड़ैल इलाके में जमकर उत्पात मचाया। नकाबपोश डकैतों ने एक पेट्रोल पंप से नकद रूपए उड़ाए। पास के ही एक गांव में एक कार चालक को पीटकर उसकी गाड़ी छीनकर ले गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात खुड़ैल इलाके में सुबह पौने चार बजे हुई। पहली वारदात आम्बा मोलिया के पेट्रोल पंप पर होना बताई गई। वहां धारदार हथियार व लाठी लेकर पहुंचे पांच से अधिक नकाबपोशों ने पेट्रोल पंप के ऑफिस में वहां सो रहे कर्मचारियों से मारपीट की फिर जान से मारने की धमकी देकर पंप के गल्ले में रखे लगभग ४० हजार रुपए लूटे व हल्ला मचाकर पंप के बाकी कर्मचारियों को डराते हुए जंगल की तरफ भाग निकले।
बताया गया कि कम्पेल क्षेत्र में डकैतों ने वहां से गुजर रही कुछ कारों को रोका, उसमें बैठे ड्रायवर को मारपीट कर जंगल में उतारा, फिर उसकी कार लेकर फरार हो गए।
खुड़ैल के पेट्रोल पंप पर अलसुबह नकाबपोशों द्वारा डाका