कांग्रेस में जान फूंकने राहुल AICC HQ पर करेंगे बैठक कार्यकर्ताओं से मिलेंगे हर शनिवार

नई दिल्ली,कांग्रेस कार्यकर्ताओ में नया जोश भरने की जिम्मेदारी अब खुद पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी संभालेंगे। राहुल गांधी हर शनिवार को एक तय वक्त पर पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात किया करेंगे। इस दौरान पार्टी महासचिव और प्रभारी भी मौजूद रहेंगे। कार्यकर्ताओं की शिकायतों का भी निपटारा किया जा सके।कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने संगठन से जुड़ी बैठकों को भी पार्टी मुख्यालय में ही करने का फैसला किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता ने बताया कि राहुल गांधी हर मंगलवार और शुक्रवार को पार्टी दफ्तर में संगठन से जुड़े नेताओं से मुलाकात और बैठक करेंगे। इसके लिए मुख्यालय में एक कांफ्रेंस रूम भी बनाया जा रहा है। पार्टी उपाध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी ने जितनी भी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठकों की अध्यक्षता की है, उनमें लगभग सभी सीडब्लूसी मुख्यालय में ही हुई हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि मुख्यालय स्थित दफ्तर में बैठने और हर सप्ताह कार्यकर्ताओं से मुलाकात से अच्छा संदेश जाएगा। कार्यकर्ताओं की अमूमन यह शिकायत रही है कि उनकी बातें और समस्याएं कांग्रेस नेतृत्व तक नहीं पहुंच पाती। राहुल गांधी के हर सप्ताह सभी से मुलाकात से कार्यकर्ताओं की यह शिकायत दूर होगी। साथ ही उनका हौसला भी बढ़ेगा। कांग्रेस रणनीतिकार मानते हैं कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी अगले माह से कार्यकर्ताओं से मिलने की शुरुआत कर सकते हैं। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि सभी प्रदेशों के कार्यकर्ता एक साथ मिल सकते हैं या हर शनिवार को कोई राज्य तय किया जाएगा। वहीं, पार्टी नेताओं की बैठक का समय पहले से तय होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *