प्रीमियम रेलगाड़ियों का किराया 10 % बढ़ाने पर विचार

नई दिल्ली, रेलवे राजधानी, शताब्दी, दुरंतो एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन से फ्लैक्सी किराया प्रणाली को खत्मकर सीधे 10 फीसदी किराया बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। माह के अंत में पेश होने वाले बजट में इसका ऐलान हो सकता है। डेढ़ साल पहले शुरू किए गए फ्लैक्सी किराये की आलोचना के बाद रेलवे बोर्ड इस किराया पद्धति का विकल्प तलाश रहा है। फ्लैक्सी किराया की समीक्षा के लिए रेलवे ने एक समिति का गठन किया है।गुरुवार को हुई बैठक के बाद समिति फ्लैक्सी किराये को हटाने या फिर इसे युक्तिसंगत बनाने का सुझाव दे सकती है। बताया जा रहा है कि समिति फ्लैक्सी किराया हटाकर किराया 10 फीसदी बढ़ाने की सिफारिश कर सकती है। या फ्लैक्सी किराये के फॉमूर्ल में बदलाव (युक्तिसंगत) किया जा सकता है।
दरअसल, बगैर सुविधाएं बढ़ाए फ्लैक्सी किराये में अधिक किराया लेना यात्रियों को रास नहीं आ रहा था। यही कारण है कि फ्लैक्सी फेयर को लेकर रेलवे की काफी आलोचना हो रही थी। बताते हैं कि रेलवे बोर्ड की एक लॉबी फ्लैक्सी किराया प्रणाली के खिलाफ है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि किराया प्रणाली में बदलाव पर अंतिम फैसला रेल मंत्री पीयूष गोयल को ही करना है। अगर आपका 2 फरवरी 2018 को दिल्ली से मुंबई का टिकट चाहिए,तो 12952 मुंबई राजधानी में थर्ड एसी की टिकट 2415 रुपये में उपलब्ध है। फ्लैक्सी किराया न होने पर यह टिकट 2065 का होता। पर इसी दिन दिल्ली मुंबई का हवाई टिकट महज 1904 रुपये में उपलब्ध है। हवाई सफर से आपका समय भी बचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *