बैतूल,नए साल के पहले दिन ही प्रदेश में दर्दनाक खबर सामने आई है। बैतूल में शौच के लिए खुले में गई युवती के साथ गैंगरेप हुआ है। घटना से सहमी युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। गौरतलब है कि सरकार व प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद प्रदेश में ऐसी वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में भोपाल गैंगरेप के दोषियों को उम्रकैद सुनाई ही गई है। इसके बाद भी आरोपियों के हौसले बेहद बुलंद हैं।
पुलिस के अनुसार बैतूल के साईंखेड़ा थानाक्षेत्र के बोदाल पठार गांव में युवती सोमवार सुबह शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसके बाद वहां मौजूद दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद युवती ने बदनामी के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
चिट्ठी में लिखे आरोपियों के नाम
गैंगरेप से सदमे में आई युवती ने बदनामी के डर से फांसी लगा ली, लेकिन मृतका के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। मृतका ने सुसाइड नोट में आरोपियों के नाम भी लिखे हैं और अपनी आपबीती बताई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर आरोपियों की तलाश की। दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्त में लिया है।
घर में शौचालय होता तो बच जाती युवती
युवती के रिश्तेदारों ने बताया कि उनके घर में शौचालय नहीं है। इस कारण पूरा परिवार खुले में शौच के लिए जाता है। शौचालय न होना बेटी के लिए नासूर बन गया।
खुले में शौच करने गई युवती से गैंगरेप, बदनामी के डर से लगाई फांसी