अदानी-रिलायंस इंफ्रा सौदे पर संजय निरुपम ने उठाए सवाल

मुंबई,अदानी-रिलायंस इंफ्रा सौदे पर मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम ने महाराष्ट्र विद्युत नियामक आयोग को पत्र लिख कर पूछा है कि क्या उसे रिलायंस इंफ्रा के मुंबई बिजली कारोबार को अदानी ट्रांसमिशन को बेचने के करार के बारे में पहले से सूचना थी. निरुपम ने संदेह जताया कि इस सौदे से मुंबई में कंपनी बिजली की अपनी दरें बढ़ा सकती है. निरुपम ने आयोग के चेयरमैन आनंद कुलकर्णी को लिखे इस पत्र में कहा है, ‘‘आयोग महाराष्ट्र में विद्युत आपूर्ति के वितरण की निगरानी रखता है. ऐसे में क्या आपको रिलायंस इंफ्रा और अदानी ट्रांसमिशन के बीच हुए करार के बारे में जानकारी थी?’’ निरुपम ने कहा है कि आयोग को यह भरोसा पैदा करना चाहिए कि इस सौदे से बिजली की दरें नहीं बढ़ेंगी. उल्लेखनीय है कि रिलायंस इंफ्रा ने मुंबई में बिजली का अपना कारोबार 18,800 करोड़ रुपये में अदानी ट्रांसमिशन को बेचने के करार की घोषणा पिछले सप्ताह की शुरुआत में की थी.अडानी ने कैश डील के तहत यह खरीद समझौता किया है. रिलायंस एनर्जी पूर्वी और पश्चिमी मुंबई में बिजली आपूर्ति का काम देखती है. खरीद समझौते के साथ ही सभी उपभोक्ता अब अडानी ट्रांसमिशन के हो जाएंगे. रिलायंस एनर्जी का मुंबई में तकरीबन 30 लाख उपभोक्ता हैं, जिन्हें आने वाले समय में अडानी के नाम से बिल दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *