लखनऊ , उप्र की राजधानी में रविवार को ट्रेन पलटाने की बड़ी साजिश का समय रहते ट्रैक पर पेट्रोलिंग कर रहे रेल कर्मियों की सतर्कता के चलते खुलासा हो गया और बड़ी दुर्घटना होेने से बच गयी। रेल दुर्घटना का षडयंत्र करने वालों ने पूर्वोत्तर रेलवे के डालीगंज तथा बादशाहनगर जक्शन रेलवे स्टेशन के बीच 77 स्लीपर्स पेंड्राल क्लिप को गायब कर दिया। वहीं बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में ज्वाइंट प्लेट भी गायब मिली। तत्काल ही इन दोनों स्टेशनों के बीच से गुजरने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया। घटना की जानकारी होते ही उप्र की स्पेेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उधर, चर्चा है अयोध्या के विवादित ढ़ांचा विध्वंस की बरसी नजदीक है, ऐसे में यह साजिश किसी आतंकी संगठन द्वारा भी रची जा सकती है। प्राप्त विवरण के मुताबिक पूर्वोत्तर रेलवे के बादशाहनगर जंक्शन तथा डालीगंज रेलवे स्टेशन के बीच में पटरियों के बीच से 77 स्लीपर्स पेंड्राल क्लिप गायब मिली। साथ ही इनके बीच से बड़ी संख्या में ज्वाइंट प्लेट भी गायब थीं। रेलवे ट्रैक पर पेट्रोलिंग कर रहे रेल कर्मियों शिवशंकर तथा संजय कुमार ने तड़के जब क्लिप व प्लेट गायब देखी तो आनन-फानन में ट्रेनों को लखनऊ जंक्शन तथा बादशाहनगर रेलवे स्टेशनों पर रोका गया। तत्काल ही स्लीपर्स को लगाने का काम भी शुरू किया गया ताकि ट्रेनों का आवागमन पुनः शुरू कराया जा सके।