रामगढ़,पटना से रांची जा रही एक यात्री बस में रविवार की सुबह करीब सवा 6:00 बजे रामगढ़ के पटेल चौक में भीषण आग लग गई। बस जलकर पूरी तरह से राख हो गई। सूचना देने के लगभग 40 मिनट बाद दमकल ने वहां पहुंचकर आग पर काबू पाया। बस में आग लगते ही उसमें सवार सभी 40 यात्री अपने सामान सहित सुरक्षित बाहर निकल गए। चश्मदीदों के मुताबिक, फोरलेन सड़क पर पटेल चौक के पास अचानक बस का बाईं तरफ का टायर फट गया। इसके बाद डीजल टंकी से धुआं उठना शुरू हो गया। बस चालक मोहम्मद अशरफ ने गाड़ी में मौजूद सभी यात्रियों को सामान सहित उतरने को कहा। तत्काल सभी यात्री निकल गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस तथा दमकल को दी। करीब 40 मिनट बाद दमकल के पहुंचने की वजह से बस पूरी तरह से जल गई। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना के बाद पटेल चौक के पास सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि यदि दमकल समय रहते पहुंच जाती तो बस को जलने से बचाया जा सकता था।
पटना से रांची जा रही बस में आग,सभी मुसाफिर सुरक्षित