स्टॉकहोम,चिकित्सा का नोबल पुरुस्कार इस बार संयुक्त रूप से 3 वैज्ञानिकों को मिलेगा। अमेरिका के 3 वैज्ञानिक जेफरी सी हॉल, माइकल रोसबाश और माइकल यंग को इसके लिए चुना गया है। शरीर में मौजूद बायोलॉजिकल क्लॉक (जैविक घड़ी) पर किए गए काम के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। पुरुस्कार का चयन करने वाले नोबेल एकेडमी ने बताया कि तीनों वैज्ञानिकों के काम से ये समझाया जा सकता है कि कैसे प्लांट्स (पौधे), एनिमल्स (जानवर) और ह्यूमन (इंसानों) में कैसे जैविक घड़ी काम करती है और ये पृथ्वी के घूमने से किस तरह मेल बैठाती है।
हेल का जन्म न्यूयार्क और रोसबाश का कंशास सिटी में हुआ और दोनों ने ब्राडियास विश्वविद्यालय में एकसाथ काम किया। वहीं मियामी में जन्मे माइकल यंग ने रॉकफेलर विश्वविद्यालय में काम किया है।
यह खोज की
यह खोज बताती हैं कि कैसे पौधे, जानवर और मनुष्य अपना जैविक लय अनुकूल बनाते हैं ताकि यह धरती के बदलाव के साथ सामंजस्य बैठा सके। फल मक्खियों को मॉडल जीव के रूप में प्रयोग करते हुए, वैज्ञानिकों ने एक जीन की खोज की है जो प्रतिदिन के सामान्य जैविक आवर्तन को नियंत्रित करता है। वैज्ञानिकों ने दिखाया कि ये जीन उस प्रोटीन को परर्वितत करने का काम करते हैं जो रात के समय कोशिका में जम जाती हैं और फिर दिन के समय बहुत ही छोटा आकार ले लेती हैं। इस खोज से जैविक घड़ी के मुख्य क्रियाविधिक सिद्धांत स्थापित हुए हैं जिससे हमें सोने के पैटर्न, खाने के व्यवहार, हार्मोन बहाव, रक्तचाप और शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। हमारी जीवनशैली और बाहरी पर्यावरण की वजह से इस जैविक घड़ी में दीर्घकालिक अप्रबंधन रहने से कई लोगों में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। यहां तक कि इस वजह से विभिन्न समय खंडों (टाइम जोन) में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी जेट लैग यानी अस्थायी भटकाव का सामना करना पड़ता है।
इनाम में यह मिलेगा
9 मिलियन स्वीडिश क्रोनर (11 लाख डॉलर, करीब 7 करोड़ 20 लाख रुपए) अवॉर्ड मनी मिलेगी। पुरुस्कार 10 दिसंबर को स्वीडन में दिए जाते हैं। 10 दिसंबर, 1896 को ही अल्फ्रेड नोबेल का निधन हुआ था।
साहित्य का ऐलान गुरुवार को
साहित्य के नोबेल पुरस्कार का ऐलान गुरुवार को होगा।
क्या है नोबल पुरुस्कार
शांति का नोबेल पुरस्कार नॉर्वे द्वारा दिया जाता है। जबकि बाकी सारे चिकित्सा, भौतिकी, रसायन, साहित्य, अर्थशास्त्र के नोबल स्वीडन द्वारा दिए जाते हैं।
इनके नाम पर दिया जाता है पुरुस्कार
अल्फ्रेड नोबेल (1833-1896) स्वीडन के वैज्ञानिक थे, उनकी प्रमुख खोज डाइनामाइट थी। इससे उन्होंने काफी पैसे कमाए। नोबेल फ्रांस में रहते थे। एक बार वहां के स्थानीय अखबार में नोबेल की मौत की गलत खबर छपी। तब नोबेल के भाई की मौत हुई थी। खबर में नोबेल को मौत का सौदागर बताया गया था। खबर से दुखी होकर नोबेल ने अपनी पूरी प्रॉपर्टी को दान करने का फैसला किया। उसी संपत्ति की ब्याज राशि से हर साल यह पुरुस्कार दिया जाता है।
जैविक घड़ी पर काम करने वाले अमेरिका के 3 वैज्ञानिकों को चिकित्सा का नोबेल
