प्रद्युम्न हत्याकांड में सीबीआई ने की गवाहों से पूछताछ

गुरुग्राम , प्रद्युम्न की हत्या के मामले में सीबीआई बारीकी से जांच कर रही है। स्कूल में मौका-ए-वारदात देखने व क्राइम सीन रीक्रिएट कराने के बाद आरोपी व हरपाल माली से तो पूछताछ हो ही चुकी है, अब अन्य गवाहों से पूछताछ हो रही है। सीबीआई ने 41 गवाहों की सूची तैयार की थी।
सीबीआई के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुछ गवाहों को बुलवाया गया। उनकी यहां गवाही कराई गई। इस दौरान गुरुग्राम पुलिस को दी गई गवाही के साथ भी इनका मिलान कराया गया। इस संबंध में संबंधित साक्ष्यों के साथ भी इनका मिलान कराया गया। उन्होंने बताया कि जिस समय जिस गवाह की जरूरत होगी, उससे पूछताछ की जाएगी। बता दें कि वारदात के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामला दर्ज कर बस कंडक्टर अशोक को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान धाराओं में इजाफा करते हुए स्कूल के रीजनल व एचआर हेड को भी गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई ने 22 सितंबर को मामले में जांच शुरू कर दी थी।
आरोपी कंडक्टर से एक दिन, जबकि रीजनल व एचआर हेड से दो दिन रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। इसके बाद से सीबीआई गवाहों से मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। गवाहों के बाद सीबीआई गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों से पूछताछ भी करेगी। सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि कुछ गवाहों से बारीकी से पूछताछ की गई है। उनसे भी कुछ अहम बातें निकलकर सामने आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *