भोपाल,महापौर आलोक शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को सम्पन्न हुई महापौर परिषद की बैठक में शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं संबंधी अनेकों प्रस्तावों को अपनी मंजूरी दी गई। महापौर परिषद ने लिंक रोड नंबर 02 माता मंदिर पर 14 मंजिला नगर निगम मुख्यालय भवन के निर्माण संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर निगम परिषद की ओर अगेषित कर दिया है। निगम का यह मुख्यालय भवन लगभग 58 करोड़ की राशि से बनाया जाएगा। महापौर परिषद ने अमृत परियोजना के अंतर्गत भोपाल शहर के नए 15 वार्डों एवं पुराने 70 वार्डों के छूटे क्षेत्रों में जलप्रदाय व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 263.71 करोड़ की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी। महापौर परिषद ने मध्यप्रदेश आउट डोर मीडिया नियम 2017 के लागू होने के पश्चात 350 स्थलों पर यूनिपोल लगाए जाने हेतु निविदा जारी करने की अनुमति प्रदान करने संबंधी प्रस्ताव पर विचार विमर्श किया गया किंतु उक्त स्थलों के निरीक्षण के उपरांत आगामी बैठक में उक्त प्रस्ताव को पुन: लाया जाएगा जबकि स्वच्छ भारत अभियान अंतर्गत गार्बेज बिन एवं वाहनों की कंट्रोल एवं कमाण्ड सेंटर से मॉनीटरिंग किए जाने संबंधी प्रस्ताव, नगर निगम स्वामित्व के तालाब/जलाशयों को मत्स्याखेट हेतु दिए जाने संबंधी प्रस्ताव को निगम परिषद की ओर अग्रेषित किया।
महापौर परिषद ने छोला विश्रामघाट के विकास कार्य हेतु द्वितीय चरण में राशि 4 करोड़ 89 लाख 85 हजार 073 की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव, हताईखेड़ा डेम के पास स्थित रेस्टोरेंट एवं बोटिंग संचालन हेतु आमंत्रित निविदा में नगर निगम द्वारा निर्धारित न्यूनतम वार्षिक शुल्क 1 लाख 02 हजार 24 के विरूद्ध राजकुमार भारती का प्राप्त उच्चतम ऑफर राशि 9 लाख 53 हजार की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वाजपेयी नगर पार्ट-2 में निर्मित आवासों के लिए निविदाकार मेसर्स आर.एन. डोबरिया द्वारा कार्य न करने पर जमा की गई इ.एम.डी राशि 50 लाख रुपये राजसात किया जाकर पुन: निविदा आमंत्रित करने संबंधी प्रस्ताव, जे.एन.एन.यू.आर.एम योजनाअंतर्गत ईदगाह हिल्स पर निर्माणाधीन जलसंयंत्र तक 600 एम.एम. व्यास की पाईप लाईन बिछाए जाने पर प्रस्तावित लेआउट में परिवर्तन के कारण 1650 मीटर पाईप लाईन के स्थान पर 2161 पाईप लाईन बिछाए जाने हेतु अतिरिक्त राशि रुपये 1 करोड़ 21 लाख 38 हजार 456 की स्वीकृति प्रदान करने संबंधी प्रस्ताव, जे.एन.एन.यू.आर.एम. परियोजना अंतर्गत जल वितरण परियोजना कार्यों के निर्माण कार्यें का पर्यवेक्षण एवं गुणवत्ता नियंत्रण कार्यों हेतु हेस्कोनिंग, डी.एच.बी. कंसल्टिंग प्राईवेट लिमिटेड को पुन: 1 वर्ष की समय वृद्धि संबंधी प्रस्ताव, जे.एन.एन.यू.आर.एम. के परियोजना अंतर्गत बी.आर.टी.एस. सर्विस रोड निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त पाईप लाईन बिछाने के कार्य के साथ ही घरेलू नल कनेक्शन हेतु मुख्य पाईप लाईन के समानान्तर एक अन्य पाईप लाईन बिछाए जाने हेतु राशि रुपये 1 करोड 83 लाख 93 हजार की अतिरिक्त स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई।
महापौर परिषद ने 10 मार्च 1996 के पूर्व से कार्यरत 41 दैनिक वेतन भोगी (89 दिवसीय) कर्मचारियों को शासन आदेशानुसार नियमित किए जाने संबंधी विभागीय प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की.
भोपाल में नगर निगम का बनेगा नया 14 मंजिला मुख्यालय भवन