झारखंड में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से आठ मरे,प.बंगाल में बीस घायल

जमशेदपुर, झारखंड में पटाखे की एक अवैध फैक्ट्री में आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। पश्चिम बंगाल से मिली एक अन्य खबर में बताया गया है कि 24 परगना जिले में भी एक पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई, जिसमें 20 लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि झारखंड के कुमारडुबी के एक घर में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। पटाखों में अचानक आग लग गई। इसके बाद हुए भयानक विस्फोट में घर की दीवारें तक ढह गई। फैक्ट्री के भीतर अलग-अलग स्थानों पर पटाखों और विस्फोटक सामग्री को रखा गया। जिसकी वजह से फैक्ट्री से देर तक धमाकों की गूंज आती रही। हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में भी एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की खबर है। वहां हुए हादसे में 20 लोगों के घायल होने की खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *