संयुक्त आयुक्त सहकारिता के निलंबन से आक्रोश, बेमुद्दत हड़ताल की धमकी

जबलपुर,सागर संभाग में आयोजित बैठक में समय पर नहीं पहुंच पाने पर संयुक्त आयुक्त सहकारिता को सागर संभाग के आयुक्त के प्रतिवेदन पर जबलपुर संभागायुक्त द्वारा निलंबित किये जाने पर भड़के सहकारिता विभाग के कर्मचारी उनके बचाव में उतर आये हैं और जबलपुर प्रवास पर आये सहकारिता आयुक्त के समक्ष सिविक सेंटर में अपेक्स बैंक के सामने जबर्दस्त प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपकर उनका निलंबन वापिस लेने की मांग की गई और दो दिनों के अंदर निलंबन वापस नहीं लेने पर बेमुद्दत हड़ताल की चेतावनी दी गई है। सहकारिता आयुक्त से कहा गया है कि निलंबित किए गए सहाकारिता संयुक्त आयुक्त पीएस तिवारी के पास दो-दो संभागों का चार्ज है और कई महत्वपूर्ण प्रभार वह संभाल रहे हैं ऐसे में उनका समय पर सागर पहुंचना संभव नहीं था। लिहाजा उनका निलंबन न्याय संगत नहीं है। कर्मचारी नरसिंहपुर के सहकारिता निरीक्षक अमित ठाकुर के भी निलंबन का विरोध कर रहे हैं।
जबलपुर प्रवास पर आए सहकारिता आयुक्त आशुतोष अवस्थी के सामने बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने यहां सिविक सेंटर स्थित अपेक्स बैंक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पीएस तिवारी का निलंबन तत्काल वापस लेने मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि उनके संयुक्त पंजीयक पीएस तिवारी के पास सागर और जबलपुर संभाग मिला कर कुल १३ जिलों का प्रभार हैं। वे मध्यप्रदेश के २८ जिलों की ओर से हाईकोर्ट में विभागीय प्रकरणों के संबंध में नोडल अधिकारी भी है, जो कि ऑलरेडी कई जिलों में जिला रजिस्ट्रार और सहायक पंजीयक का काम भी देख रहे है। इसके अलावा केन्द्रीय सहकारी बैंक जबलपुर और सिवनी का चार्ज भी उन्हीं के पास हैं। ऐसे में बिना किसी सूचना के पीएस तिवारी को अचानक सागर बुलाना और समय पर नहीं पहुंचने के आरोप में निलंबित करना कही से न्याय संगत नहीं हैं। ज्ञापन सौंपते समय नरेश यादव, अजय तिवारी, मोहन ताम्रकार, टीआर वैदेही, टीआर चौधरी, पी अग्रवाल, अरविंद जैन, सुभाष जैन, इंदिरा ताम्रकार, अमित ठाकुर, पीके बैनर्जी, आलोक दुबे, राजेश परोहा, ललित जैन, जीएस मार्को, हरिशंकर वर्मा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *