मोदी ने जन्मदिन पर देश को समर्पित की सरदार सरोवर बांध परियोजना

अहमदाबाद,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने 67वें जन्मदिन पर नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध का उद्घाटन करते हुए इसे देश को समर्पित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात में पिछले कई दशकों से तमाम विवादों में घिरे रहे सरदार सरोवर नर्मदा बांध परियोजना का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने एक रैली को भी संबोधित किया।
गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले मोदी की इस रैली को राजनीतिक लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मोदी आज नर्मदा जिले के केवड़िया स्थित सरदार सरोवर नर्मदा बांध परियोजना गए। बांध पर ही उन्होंने नर्मदा नदी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह इस परियोजना का लोकार्पण किया। नर्मदा बांध परियोजना की परिकल्पना सरदार वल्लभभाई पटेल ने 1946 में ही की थी। प्रधानमंत्री ने बांध के समीप बन रही सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशालकाय प्रतिमा ‘स्टेचू आफ यूनिटी’ के निर्माण में हुई प्रगति का जायजा भी लिया। बनने के बाद यह विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा होगा। इस प्रतिमा का निर्माण सरदार वल्लभभाई राष्टीय एकता ट्रस्ट करवा रहा है। इसके निर्माण का ठेका एल एंड टी कंपनी को दिया गया है। इस विशाल प्रतिमा के निर्माण के लिए एक जून 2018 का समय तय किया गया था, लेकिन इसके अब अक्टूबर 2018 में पूरा होने के आसार हैं।
मोदी ने इसके बाद वडोदरा के डभोई में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित को संबोधित किया। सुबह 11.10 बजे वह डभोई पहुंचे और इसके बाद नर्मदा महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने नेशनल ट्राइबल फ्रीडम फाइटर्स म्यूजियम का शिलान्यास किया। दोपहर वह अमरेली पहुंचे और एपीएमसी अमरेली के नये मार्केट यार्ड का उद्घाटन किया। इसके बाद अमरेली में अमर डेरी के नये प्लांट्स का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है। इसी दौरान उनहोंने हनी प्रोडक्शन सेंटर का शिलान्यास भी किया। इसके बाद अमरेली के कमानी फारवर्ड हाईस्कूल ग्राउंड पहुंच कर सहकार सम्मेलन में शामिल हुए। यहीं पर वह वीडियो लिंक के जरिये हरे कृष्णा सरोवर का उद्घाटन किया। साथ ही डेरी साइंस कॉलेज का भी उद्घाटन किया।
दो दिन के अंदर प्रधानमंत्री का यह दूसरा गुजरात दौरा है। जापानी पीएम शिंजो आबे की यात्रा के दौरान 14 और 15 सितंबर को भी नरेंद्र मोदी गुजरात में ही थे। इस साल के अंत में गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह गुजरात का पहला चुनाव होगा। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुजरात में मौजूदगी पिछले तीन सालों के मुकाबले अगले कुछ महीने में बढ़नी तय है।
बताया गया है कि सरदार सरोवर बांध का सबसे अधिक फायदा गुजरात को मिलेगा। यहां के 15 जिलों के 3137 गांवों के 18.45 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जा सकेगी। वहीं, बिजली का सबसे अधिक 57 प्रतिशत हिस्सा मध्य प्रदेश को मिलेगा। महाराष्ट्र को 27 प्रतिशत, जबकि गुजरात को 16 प्रतिशत बिजली मिलेगी। दूसरी ओर, राजस्थान को सिर्फ पानी मिलेगा।
परियोजना की खासियतें
-1945 में सरदार पटेल ने की थी पहल
-5 अप्रैल 1961: प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने रखी थी नींव
-56 साल लगे इस बांध को बनाने में 65 हजार करोड़ रुपये हुए खर्च
-138 मीटर ऊंचाई, देश में बना सबसे ऊंचा बांध
-30 दरवाजे हैं, हर दरवाजे का वजन 450 टन
-4.73 मिलियन क्यूबिक पानी जमा करने की क्षमता
-6000 मेगावॉट बिजली पैदा होगी बांध से
-86.20 लाख क्यूबिक मीटर कॉन्क्रीट का प्रयोग बांध बनाने में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *