सुनील के फैंस को वापसी का इंतजार,’ड्रामा कंपनी’ के सुदेश ने की वापसी की बात

मुंबई,हास्य कलाकार कपिल शर्मा के साथ हुए विवाद के बाद से ही सुनील ग्रोवर के फैंस उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में लॉन्च हुए शो ‘ड्रामा कंपनी’ में सुनील ग्रोवर के जुड़ने का दावा किया जा रहा था, लेकिन सुनील ग्रोवर उस शो का हिस्सा नहीं बने। कृष्णा की टीम के मेंबर सुदेश लहरी ने इंस्टाग्राम पर सुनील ग्रोवर के साथ वीडियो शेयर करते हुए दोनों को साथ देखने की बात कही है। हालांकि, फैंस के लिए ज्यादा खुशी की बात नहीं है क्योंकि वीडियो में यह दोनों किसी शो में एक साथ काम करने की बात नहीं बल्कि ‘पोस्टर ब्वॉय’ देखने की बात कर रहे हैं। सुदेश लहरी ने फैंस के साथ मजाक करने के लिए यह वीडियो बनाया है और अब तक इस वीडियो को करीब 5 हजार लोग देख चुके हैं। वीडियो को शुरुआत से देखने पर मालूम चलता है कि जैसे सुदेश लहरी, सुनील ग्रोवर के शो से जुड़ने के बारे में बात करने वाले हैं, लेकिन वह जल्द ही अपने शाम के प्लान के बारे में बात करने लगते हैं। बता दें कि कपिल शर्मा के साथ हुए विवाद के बाद से ही सुनील ग्रोवर लाइव इवेंट करने में ही व्यस्त हैं। हाल ही में वह डेंगू के शिकार भी हो गये थे और उन्होंने फैंस को ट्वीट करते हुए दुवाओं के लिये शुक्रिया भी कहा। हाल ही में कपिल शर्मा ने अपने शो के बंद होने पर सुनील ग्रोवर के साथ हुए विवाद के लिए अपनी गलती को कबूल किया था। कपिल ने कहा था कि इस पूरे विवाद के लिए उन्होंने बहुत बड़ी कीमत चुकाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *