न्यूयार्क,भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा अमेरिकी ओपन टेनिस के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। सानिया ने अपनी चीनी जोड़ीदार शुआइ पेंग के साथ दो सेटों तक चले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टिमीया बाबोस और आंद्रिया लावास्कोवा को हराया। चौथी वरीयता प्राप्त सानिया और चीन की पेंग की जोड़ी ने हंगरी की बाबोस और चेक गणराज्य की आंद्रिया को 7-6, 6-4 से हराया।
अब सानिया और पेंग का सामना दूसरी वरीयता प्राप्त मार्टिना हिंगिस और युंग जान चान की जोड़ी से होगा। इस सत्र में सानिया ने कई जोड़ीदार बदले हैं। शुरूआत में वह बारबोरा स्ट्रायकोवा के साथ खेल रही थी पर आस्ट्रेलियाई ओपन में तीसरे दौर में हार गए। फ्रेंच ओपन में वह यारोस्लावा श्वेदोवा के साथ खेली लेकिन दोनों पहले दौर से ही बाहर हो गए। इस सत्र में सानिया ने सिर्फ एक खिताब ब्रिसबेन डब्ल्यूटीए अमेरिका की बेथानी माटेक सैंड्स के साथ जीता है। वह सिडनी में स्ट्रायकोवा के साथ उपविजेता रही। वहीं पिछले साल उसने 8 खिताब जीते थे जिनमें 5 मार्टिना हिंगिस के साथ मिले थे। वह साल के आखिर में युगल रैंकिंग में शीर्ष पर रही लेकिन हिंगिस से अलग होने और बार बार जोड़ीदार बदलने के कारण अब नौवे स्थान पर है।
सानिया, पेंग अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची