JDU ने शरद यादव की RS सदस्यता रद्द करने की मांग की

नई दिल्ली,जेडीयू के नेताओं ने मंगलवार शाम उपराष्ट्रपति एम। वेंकैया नायडू से मुलाकात कर पार्टी के बागी नेता शरद यादव की राज्यसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की। आरसीपी सिंह की अगुवाई में जेडीयू नेताओं ने उपराष्ट्रपति को शरद यादव की पार्टी विरोधी गतिविधियों का सबूत सौंपा और राज्यसभा के नियमों के शिड्यूल 10 के तहत उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग की । इसमें किसी भी सदस्य के स्वेच्छा से सदस्यता छोड़ने पर सदस्यता रद्द होने का प्रावधान है।
बता दें कि जयनारायण निषाद भाजपा की ओर से राज्यसभा में चुनकर आए थे, लेकिन बाद में पाला बदल लिया था। उन्होंने लालू के साथ पटना के गांधी मैदान पर मंच साझा किया था। तब उनका डेढ़ साल का कार्यक्रम बचा था, लेकिन भाजपा ने तत्कालीन उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी से मिलकर उनकी सदस्यता रद्द करने की अपील की थी और इसी शिड्यूल 10 का हवाला दिया गया था। उस वक्त निषाद की सदस्यता रद्द कर दी गई थी। उसी सीट से बाद में राजीव प्रताप रूडी लाए गए थे।
ज्ञात रहे कि नीतीश कुमार के महागठबंधन से नाता तोड़कर भाजपा से हाथ मिलाने पर शरद यादव ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद जेडीयू ने शरद यादव को राज्यसभा में पार्टी के नेता पद से हटा दिया था। बाद में शरद यादव ने पिछले दिनों आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की महारैली में भी हिस्सा लिया था। इसके बाद जेडीयू ने कहा था कि आरजेडी की रैली में भाग लेकर शरद यादव ने खुद से पार्टी की सदस्यता का त्याग कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *