मुंबई, शिवसेना ने ‘वंदे मातरम’ गाने का विरोध करने वाले मुसलमानों के साथ ‘राष्ट्र विरोधी’ की तरह व्यवहार करने और उन्हें मताधिकार से वंचित करने की मांग की है। शिवसेना के पार्टी मुखपत्र सामना के संपादकीय में लिखा है कि वंदे मातरम का विरोध या अपमान गंभीर अपराध है। जो लोग ऐसा करते हैं, उन्हें तुरंत ‘मताधिकार से वंचित कर दिया जाना चाहिए। शिवसेना ने सरकार से सवाल किया है कि क्या उसमें ऐसा करने की हिम्मत है?
सामना के संपादकीय में कहा गया है कि जब सरकार गोरक्षकों पर कड़ी कार्रवाई कर सकती है, तो वंदे मातरम का विरोध करने वालों के साथ भी सख्ती से पेश आना चाहिए। औरंगाबाद नगर निगम (एएमसी) में शनिवार को वंदे मातरम गाने पर हुए हंगामे पर संपादकीय में लिखा गया है शिवसेना पार्षद इस अपमान पर गुस्से से फट पड़े। उन्होंने वंदेमातरम के विरोधियों पर हमला कर दिया। सौभाग्य से भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने इस राष्ट्रवादी कर्तव्य में हमारा समर्थन किया। शिवसेना ने कहा ये वही नेता हैं, जो अपने समुदाय को झूठी मान्यताओं में डाल कर इस्लाम की हत्या कर रहे हैं। इनके विकृत दिमाग की वजह से इस्लाम खतरे में है।
वंदेमातरम नहीं गाने वालों से छीना जाए मतदान का अधिकार : शिवसेना