भोपाल, देश भर में होने वाले आतंकी हमलों के कारण होने वाली अशांति के पीछे कहीं न कहीं पाकिस्तान का हाथ है। पर ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसके कुछ तार भोपाल से भी जुड़े हो सकते हैं। दरअसल इंटेलीजेंस की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान से भोपाल आने वाले ज्यादातर नागरिक गायब है। उनकी कोई सूचना नहीं मिल रही है। यह किसी खतरे का आगाज भी हो सकता है। इंटेलीजेंस की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी से राज्य में आए करीब 70 नागरिक रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। ये सभी टूरिस्ट और एजुकेशन वीजा पर सीमित समय के लिए भोपाल आए थे। लेकिन तब से अब तक उनका कोई सुराग नहीं है। इनमें से कई पाकिस्तानी नागरिक 3 साल से ज्यादा से लापता हैं। इंटेलीजेंस आईजी मकरंद देउस्कर ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले से पाक नागरिकों सूचना जुटाई गई है। इनमें से लापता पाकिस्तानियों की सूची प्रदेश के सभी एसपी को भेजी गई है। साथ ही सभी एसपी को लापता पाकिस्तानियों को ढूंढने के निर्देश दिए गए हैं। गृह मंत्रालय ने पाकिस्तानी नागरिकों की आमद को लेकर पिछले दस सालों की एक रिपोर्ट तैयार की है। जिसके मुताबिक एक दशक में मध्य प्रदेश में ऐसे दो सौ से ज्यादा पाकिस्तानी नागरिक हैं, जो वीजा लेकर यहां आए थे लेकिन वीजा की अवधि खत्म हो जाने के बाद से ही उनका कोई अता-पता नहीं है। खास बात यह है कि इनमें से अधिकांश नागरिक प्रदेश के बड़े शहरों से गायब हैं। नियमानुसार 24 घंटे में एक बार प्रदेश में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिक को स्थानीय थाने में जाकर रजिस्टर पर अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होती है। लेकिन 70 ऐसे पाकिस्तानी नागरिक हैं, जो बिना पुलिस को सूचना दिए रहस्यमय ढंग से कहीं गायब हो गए। अब पाकिस्तानी नागरिकों से जुड़े जमानतदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
राजधानी आये 70 पाकिस्तानी सालों से लापता,सभी एसपी को ढूंढ़ने के निर्देश