सरदार सरोवर मुख्यमंत्री द्वारा घोषित पैकेज पर सरकार 900 करोड़ व्यय करेगी

भोपाल,सरदार सरोवर प्रभावित बड़वानी, धार, अलीराजपुर और खरगोन क्षेत्र से तेजी से विस्थापन जारी है। अलीराजपुर जिले के प्रभावित 26 और खरगोन जिले के प्रभावित 10 ग्रामों से प्रभावित परिवारों का शत-प्रतिशत विस्थापन हो गया है। यह जानकारी देते हुए नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रजनीश वैश ने बताया कि डूब और विस्थापन के बारे में कतिपय तत्वों द्वारा जन-सामान्य को भ्रमित किया जा रहा है। यह बताया जा रहा है कि प्रभावित ग्रामों की संख्या 192 और प्रभावित परिवारों की संख्या 36 हजार है जो पूर्णतः असत्य है। वास्तविकता यह है कि धार, बड़वानी, अलीराजपुर और खरगोन जिले के कुल 178 ग्राम आंशिक डूब के प्रभाव में है। इनमें से धार के 77, बड़वानी के 65, अलीराजपुर के 26 तथा खरगोन के 10 ग्राम है। इन ग्रामों में प्रभावित परिवारों की संख्या 23 हजार 614 है। इनमें से 5551 परिवार गुजरात में बस गए हैं। शेष 18 हजार 63 परिवारों में से 12 हजार 577 परिवार अब तक विस्थापित हो चुके हैं।
वर्तमान में धार जिले के 37 और बड़वानी जिले के 34 गाँवों में 7010 परिवारों का विस्थापन आज की स्थिति में शेष है। वैश ने बताया कि सरदार सरोवर बाँध का भराव निर्धारित विभिन्न चरणों में होगा।
ज्ञात हो कि विस्थापित होने वाले प्रत्येक परिवार के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 5 लाख 80 हजार रूपये का पैकेज स्वीकृत किया है। जिन परिवारों के पास अपने मकान नहीं है, उनके लिए पुनर्वास स्थलों पर अस्थाई मकान की व्यवस्था की गई है। विस्थापन के लिए शेष बचे परिवारों में से 2014 परिवारों के पास पूर्व से ही मकान है। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित पैकेज पर प्रदेश सरकार 900 करोड़ रूपये का व्यय वहन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *