RS पहुंचने के बाद भी नहीं छोड़ूंगा भाजपा अध्यक्ष का पद-अमित शाह

लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने साफ कर दिया है कि गुजरात से राज्यसभा का सदस्य निर्वाचित होने के बाद भी वह पार्टी के मुखिया बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी पूरी खुशी और तन्मयता से निभा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया है कि 2019 में भाजपा और बड़े बहुमत से सरकार बनायेगी। इसमें कोई संशय नहीं है। मोदी सरकार का सुशासन ही इस दावे का आधार है। जिस तरह सरकार ने काम किया है, मुझे लगता है जनता हमें इससे ज्यादा बहुमत से काम करने का मौका देगी।उप्र की राजधानी में अपने तीन दिन के प्रवास के बाद सोमवार को श्री शाह ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने राज्यसभा का सदस्य बनने की स्थिति में भाजपा अध्यक्ष पद से इस्तीफे के प्रश्न पर कहा कि कोई सवाल नहीं है। मुझ पर अध्यक्ष का दायित्व है। मैं खुश हूं और बड़ी तन्मयता से काम कर रहा हूं। आप लोग (मीडिया) धक्का मत लगाइये। नरेन्द्र मोदी को आजादी के बाद देश का ‘सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री’ करार देते हुए शाह ने कहा कि मोदी ने देश का सम्मान दुनिया में बढ़ाया है। मोदी के नेतृत्व में परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण का नासूर खत्म करने में कामयाबी मिली है।
भाजपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि इस सरकार के तीन साल के कार्यकाल में देश की जनता बहुत बड़ा परिवर्तन महसूस कर रही है। भाजपा के सत्ता संभालने से पहले 10 साल तक एक ऐसी सरकार चली, जिसमें हर महीने घपले और घोटाले उजागर होते थे। करीब 12 लाख करोड़ रूपये के घोटाले हुए जबकि मोदी सरकार पर उसके विरोधी भी भ्रष्टाचार का एक आरोप तक नहीं लगा पाये हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार के लिये कहा जाता था कि उसका ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ हुआ है। हर मंत्री खुद को प्रधानमंत्री समझता था और ‘बेचारे’ प्रधानमंत्री को कोई प्रधानमंत्री ही नहीं मानता था। श्री शाह ने कहा कि अगर मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनायेंगे तो बहुत समय लगेगा, लेकिन मोदी सरकार की विशेषता यह रही कि पिछले 50 सालों में सरकारें दो-तीन ही ऐसे काम करती हैं जो अहम होते हैं। इस सरकार ने तीन साल में 50 महत्वपूर्ण काम किये हैं। तीन साल में देश की अर्थव्यवस्था दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ता अर्थतंत्र बन गया है। शेयर बाजार सर्वोच्च शिखर पर पहुंचा है और सभी प्रकार के वित्तीय मानक भाजपा सरकार ने बरकरार किये हैं। इसके साथ ही उन्होंने मोदी सरकार की तीन साल की उपलब्धियां भी एक-एक कर गिनायीं।
श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सभी दलों की सरकारों को संघीय भावना के अनुरूप साथ लेकर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू किया। उन्होंने कहा कि काले धन के मामले में कठोर मुहिम शुरू हुई। सबसे पहले सिंगापुर, मारीशस तथा कई अन्य देशों से आने वाले काले धन का रास्ता बंद किया गया। उसके बाद नोटबंदी के माध्यम से काला धन सामने लाया गया। उसके बाद बेनामी सम्पत्ति का कानून बनाया। चुनावी राजनीति को काले धन की गिरफ्त से छुड़ाया। आजादी के बाद काले धन के खिलाफ इतना बड़ा वैज्ञानिक प्रयास पहली बार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *