दुनियाभर में सबसे ज्यादा भरोसेमंद है मोदी सरकार,ओईसीडी रिपोर्ट ने जारी किए आंकड़े

नई दिल्ली,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारत सरकार दुनिया की सभी सरकारों में सबसे ज्यादा भरोसेमंद है। ऑर्गेनाइजेशन फॉर इकोनॉमिक को-ऑपरेशन एंड डेवलपमेंट (ओईसीडी) की ताजातरीन रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत के नागरिक अपनी सरकार पर भरोसा करते हैं, और यह देश सरकार पर भरोसे के मामले में दुनियाभर में शीर्ष पर है।
दुनियाभर की सरकारों को अपने-अपने देश के आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय हालात को समझने में मदद देने वाले अंतरराष्ट्रीय संगठन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 73 फीसदी भारतीयों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर विश्वास है, जो दुनिया के प्रत्येक अन्य देश से ज्यादा है।
8 नवंबर, 2016 को की गई नोटबंदी को मोदी सरकार के सबसे क्रांतिकारी फैसले के रूप में देखा गया है। यह फैसला काले धन पर नकेल कसने और टैक्स की चोरी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से उठाया गया था। इस कदम से देश में डिजिटल इंडिया की तरफ बढऩे में काफी मदद मिली।
प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के नेतृत्व वाली कनाडा सरकार को 62 प्रतिशत नागरिक समर्थन कर रहे है और वह दूसरे स्थान पर है, जबकि तुर्की में 58 फीसदी नागरिकों के समर्थन की बदौलत राष्ट्रपति रिसेप तय्यप एरदोगान की सरकार को दुनियाभर में तीसरा स्थान हासिल हुआ है।
जीएसटी सबसे बड़ी उपलब्धि
2014 में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश प्राप्त हुआ था, और तब से मोदी सरकार सामाजिक सेक्टर के साथ-साथ आर्थिक क्षेत्र में भी कई नई नीतियां लागू की हैं। अप्रत्यक्ष कराधान के मामले में अनेक केंद्रीय तथा राज्यीय करों को खत्म कर एक गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) लागू किया जाना मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों में सबसे बड़ा बताया जाता है।
ट्रंप पर 30 फीसदी को भरोसा
रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में सिर्फ 30 प्रतिशत अमेरिकियों ने विश्वास व्यक्त किया है। यूरोपियन यूनियन से बाहर निकलने जा रहे यूनाइटेड किंगडम में 41 फीसदी लोग प्रधानमंत्री थेरेसा मे की सरकार के साथ है। यूरोप में फैले माइग्रेशन संकट के साथ-साथ नाकाम होती अर्थव्यवस्था और कई बार हुए चुनाव से जूझते रहे यूनान (ग्रीस) को 13 फीसदी के साथ आखिरी स्थान मिला है।
दूसरे देशों में बसने वाले वयस्कों में भारत दूसरे नंबर पर
संयुक्त राष्ट्र,भारत के वयस्क दूसरे देशों में बसने की योजना बना रहे हैं और अमेरिका तथा ब्रिटेन उनके पसंदीदा देश हैं। इस मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर है। पहले नंबर पर नाइजीरिया है। इसके बाद कांगो, सूडान, बांग्लादेश और चीन का नंबर आता है।
संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी अंतरराष्ट्रीय प्रवास संगठन (आईओएम) ने रिपोर्ट में कहा है कि दुनिया भर में वयस्क आबादी के 1.3 फीसदी या छह करोड़ 60 लाख लोगों ने कहा कि वे अगले 12 महीनों में स्थायी तौर पर प्रवास करने की योजना बना रहे हैं। रिपोर्ट में 2010-2015 अवधि के लिए दुनिया भर में लोगों के प्रवास करने के इरादों का विश्लेषण किया गया है। दूसरे देशों में बसने की योजना बनाने वाले लोगों में अमेरिका के बाद सबसे लोकप्रिय देश हैं ब्रिटेन, सऊदी अरब, फ्रांस, कनाडा, जर्मनी और दक्षिण अफ्रीका। प्रवास करने की योजना बनाने वालों में से आधे लोग सिर्फ 20 देशों में रहते हैं।
48 लाख लोगों के साथ भारत में सबसे अधिक संख्या में वयस्क प्रवास करने की योजना बना रहे हैं और तैयारी कर रहे हैं। इनमें 35 लाख लोग प्रवास करने की योजना बना रहे हैं और 13 लाख लोग तैयारी कर रहे हैं। नाइजीरिया में सबसे अधिक 51 लाख लोग अपने देश से बाहर बसने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद 41 लाख लोगों के साथ कांगो और 27-27 लाख लोगों के साथ चीन तथा बांग्लादेश का नंबर आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *