मुंबई,शीना बोरा हत्याकांड की आरोपी इंद्राणी मुखर्जी को जल्दी ही मुंबई के भायखला महिला जेल से दूसरी जेल में स्थानांतरित किया जाएगा। इस जेल में मारपीट और यौन उत्पीड़न की धमकी देने के बाद उन्हें स्थानांतरित किया जाएगा। जेल सूत्रों ने बताया कि उन्हें दूसरी जगह भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इंद्राणी के खिलाफ पुलिस ने महिला जेल में अन्य कैदियों के साथ दंगा करने का मामला दर्ज कर लिया है। दंगा मामले की जांच में पता चला है कि इंद्राणी ने कैदियों का नेतृत्व किया था। इंद्राणी को ठाणे या कल्याण महिला जेल भेजा जा सकता है। मंजुला शेट्टी नाम की महिला कैदी पर हमला करने के आरोप में जेल की छह महिला कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मंजुला की मौत हो गई है। महिला कर्मचारियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा सकता है। भायखला जेल में मंजुला की मौत की जांच में कर रही डीआइजी स्वाती साठे ने जांच करने से मना कर दिया है। महाराष्ट्र जेल वाट्सएप ग्रुप पर सामग्री जारी होने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया है। जेल अधिकारियों की आंतरिक जांच अब आइजी (जेल) राजवर्धन सिन्हा को सौंप दी गई है।