भोपाल, ललितपुर-झांसी के बीच सड़क हादसे में भोपाल के सिपाही, उनकी मां, बेटी और मासूम बेटे की मौत के बाद आज दोपहर जैसे ही शव जहांगीराबाद स्थित पुलिस लाइन कॉलोनी पहुंचे तो लोगों की आंखे नम हो गई। बेटी का पीएम नहीं होने से उसका शव भोपाल नहीं आया। सिपाही अपने बेटे का मुंडन कराने के लिए परिवार के साथ कार में सवार होकर भोपाल से जालौन जा रहा था। तीनों का अंतिम संस्कार भोपाल में ही किया जाएगा। वहीं हादसे में घायल सिपाही की पत्नी और बेटी की हालत भी गंभीर होना बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार उत्तरप्रदेश के ललितपुर और झांसी के बीच तालबेहट नामक जगह पर सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी गाड़ी ने उनकी अल्टो को टक्कर मार दी। हादसे में बजरिया थाने में पदस्थ विपिन, उनकी मां, बेटी और 6 माह के बेटे की मौत हो गई, जबकि आरक्षक की पत्नी और एक बेटी को गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। जहां पर उनकी हालत गंभीर होना बताई जा रही है। सिपाही, उनकी मां और बेटे का पीएम होने के बाद शव आज दोपहर जहांगीराबाद पुलिस लाइन पहुंचा। जहां एक साथ तीन शवों को देखकर हर एक की आंखें नम हो गई थीं।
सड़क हादसे में मृत आरक्षक सहित मां, मासूम बेटे के शव पहुंचे राजधानी, पुलिस लाइन में छाया मातम