थैलेसीमिया पीडि़त श्वेता का इलाज सरकार कराएगी, कुन्हीकृष्णन सम्मानित

भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने थैलेसीमिया रोग से पीडि़त रतलाम जिले के मण्डावल गाँव की श्वेता के इलाज की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि श्वेता के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठायेगी।
मुख्यमंत्री को आज रतलाम जिले के ग्राम मण्डावल के बनेसिंह की बेटी श्वेता के थैलेसीमिया रोग से पीडि़त होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल उसके इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इलाज का पूरा खर्च सरकार उठायेगी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने श्वेता का इलाज कर रहे चिकित्सकों से बात की और उन्हें मुख्यमंत्री की भावनाओं से अवगत कराया। श्वेता का अभी इन्दौर के सी.एच.एल. अपोलो हास्पिटल में ईलाज चल रहा है।
सम्मानित
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सतीश धवन स्पेस सेंटर श्रीहरिकोटा के निदेशक वैज्ञानिक पी. कुन्हीकृष्णन को दूसरे विज्ञान प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया। पुरस्कार म.प्र. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और विज्ञान भारती द्वारा वर्ष 2016 से दिया जा रहा है।
चौहान ने वैज्ञानिक कुन्हीकृष्णन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में मिली उपलब्धि से पूरा देश गौरवान्वित हुआ है। गहराई से देखा जाये तो विज्ञान और आध्यात्म एक ही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंहस्थ से पूर्व वैचारिक महाकुंभ का आयोजन करवाया गया था। इसमें विज्ञान और आध्यात्म विषय पर भी चिंतन हुआ था। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक एकता में आदि शंकराचार्य के योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश के ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य के जीवन और दर्शन पर वेदांत संस्थान की स्थापना की जा रही है। नदी संरक्षण के दुनिया के सबसे बड़े जन-आंदोलन नर्मदा सेवा यात्रा की भी जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *