भोपाल, जून की शुरुआत से ही दक्षिण-पश्चिम हवाओं ने आंधी, तूफान और हलकी बारिश की शुरुआत की थी। आज फिर आसमान बादलों से पट गया है। 4 से 5 दिन तेज हवा के साथ बारिश होने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं।
अरब सागर में हो रही हलचल और नए विक्षोभ बनने के कारण राजधानी भोपाल के आसमान में बादल छा गए हैं। इन बादलों से प्री-मानसून की बारिश होने की पूरी संभावना मौसम वैज्ञानिकों की ओर से व्यक्त की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रविवार को हलकी बारिश और उसके बाद तेज हवा-आंधी का दौर जारी रहेगा। वहीं रुक-रुककर अलग-अलग जगह तेज व हलकी बारिश भी होगी। यानी मानसून की दस्तक से आगामी दिनों में तरबतर रहेगा। मौसम के इस परिवर्तन से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रात को उमसभरी गर्मी से लोगों को मुक्ति मिली है।
किसान खेत तैयार करने में जुटे
डेढ़ सप्ताह पहले हलकी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसान इस सीजन की बोवनी के लिए खेत तैयार करने में जुट गए हैं। किसान भी खुश हैं कि इस बार मानसून समय पर आने का दावा मौसम वैज्ञानिकों द्वारा किया जा रहा है, इसलिए किसान खेती-किसानी में पूरी तरह भी जुट गए हैं और अपने खेत को तैयार कर रहे हैं।