मप्र में जूडा और सरकार में नहीं बनी बात, जारी रहेगी जूनियर डाक्टरों की हड़ताल

भोपाल, मप्र में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल अभी जारी रहेगी। रविवार को जूनियर डॉक्टर और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की मुलाकात के बाद भी हड़ताल खत्म नहीं हुई। जूडा ने तीन और मांगे जोड़ दी हैं। मंत्री ने कहा, हमने जूडा की मांगें पहले ही मान ली हैं। जूडा हाईकोर्ट के आदेश का सम्मान कर हड़ताल वापस ले और काम पर लौटे। वही, मंत्री से मिलने के बाद मध्यप्रदेश जूडा अध्यक्ष डॉक्टर अरविंद मीणा ने कहा, हम मंत्री जी से मिलने खुद आए थे। हम हड़ताल खत्म करना चाहते है, लेकिन मंत्री जी ने हमारी मांगों को लेकर न तो कोई आदेश दिया न कोई मीडिया के सामने कोई आश्वासन दिया। हमारी हड़ताल आगे भी जारी रहेगी।
रविवार सुबह जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन की तरफ से सरकार को बातचीत कर मामले का हल निकालने के लिए वीडियो जारी कर अनुरोध किया गया था। इस पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जूडा को हाईकोर्ट का सम्मान कर हड़ताल वापस लेना चाहिए। उन्होंने मांगों को लेकर भी अपनी बात कही है। शाम 4 बजे जूनियर डॉक्टर मंत्री विश्वास सारंग के बंगले पर मिलने पहुंचे, लेकिन मंत्री बंगले पर नहीं थे। इस पर जूडा ने उनका इंतजार किया। कुछ देर बाद मंत्री पहुंचे और जूनियर डॉक्टरों से बातचीत हुई।
3 साल का स्टायपेंड एक साथ बढ़ा देंगे
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जूडा से हमने लगातार बातचीत की है। हमारी सरकार संवाद स्थापित करने वाली है। जूनियर डॉक्टरों का स्टॉयपेंड 3 साल से नहीं बढ़ा था। हमने एक साथ बढ़ाने का निर्णय लिया है। हर साल 6 प्रतिशत का इजाफा किया है। डॉक्टरों की मांग थी कि कोरोना के समय उनका निशुल्क इलाज हो। हमने परिवार को निशुल्क इलाज देने का बोला। सरकार ने दरियादिली दिखाते हुए मांगों को माना है। सुरक्षा के लिए हर जगह पुलिस चौकी की स्थापना करने के लिए कहा दिया। जूडा को हाई कोर्ट के निर्देश अनुसार हड़ताल वापस लेना चाहिए। मरीजों का हित हम सभी के लिए सर्वोपरि है। कांग्रेस के नेता जूडा के मामले में राजनीति कर रहे है।
जूडा ने पहले यह कहा था
मप्र जूडा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरविंद मीणा ने एक वीडियो जारी कर कहा कि प्रदेश में पिछले 6 दिनों से जूडा का आंदोलन चल रहा है। जिसमें हमारा अनुरोध है कि चिकित्सा शिक्षा मंत्री जूडा से किए वादे पूरे करें। प्रदेश का पूरा जूडा एसोसिएशन मामले का हल बातचीत से निकालने के लिए भोपाल में उपस्थित है, लेकिन अब तक हमें कहीं से भी कोई आधिकारिक बुलावा नहीं आया है। जूडा परेशान होने के साथ ही मरीजों के लिए चिंतित भी है। हमारा मुख्यमंत्री और चिकित्सा शिक्षा मंत्री से अनुरोध है कि जूडा से मिले और जल्द से जल्द गतिरोध खत्म करें। ताकि जूडा मरीजों के हित में आंदोलन को खत्म कर जल्द से जल्द काम पर लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *