मास्क न पहनने से भी खतरनाक है एक ही मास्क का बार-बार इस्तेमाल

लंदन, एक बार इस्तेमाल हो चुके मास्क को फिर से पहनना, मास्क नहीं पहनने से भी कम सुरक्षित हो सकता है। एक स्टडी के बाद रिसर्चर्स ने यह बात कही है। अमेरिका की मैसाचुसेट्स यूनिवर्सिटी और कैलिफोर्निया बैपटिस्ट यूनिवर्सिटी के अध्ययनकर्ताओं की टीम ने मास्क के प्रभावी होने को लेकर स्टडी की। अध्ययन के दौरान तीन लेयर वाले सर्जिकल मास्क की पड़ताल की गई। इस दौरान पाया गया कि ये मास्क नए होने पर छोटे आकार के तीन चौथाई कणों को रोकने में सफल रहते हैं, लेकिन एक से अधिक बार इस्तेमाल किए जाने पर ये मास्क सिर्फ एक चौथाई छोटे कणों को ही रोक पाते हैं। फिजिक्स आफ फ्लूड्स जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि जितना अधिक मास्क को पहना जाता है, वह उतना ही खराब हो जाता है। अध्ययनकर्ताओं को यह भी पता चला कि मास्क पहनने के बाद व्यक्ति के चेहरे के आसपास हवा का बहाव बदल जाता है। मास्क पहनने के बाद न सिर्फ नाक और मुंह के पास, बल्कि पूरे मास्क की सतह से हवा का फ्लो होता है।
इस अध्ययन के सह लेखक और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ जिनझिआंग ने कहा कि यह सोचना स्वाभाविक है कि पुराना या नया, कोई भी मास्क, मास्क नहीं पहनने के मुकाबले बेहतर हो सकता है, लेकिन अध्ययन के दौरान हमें पता चला है कि यह बात सिर्फ तभी सही है जब हवा में मौजूद बड़े कणों के लिए मास्क का इस्तेमाल किया जाए, लेकिन 2.5 माइक्रोमीटर से कम से कण के लिए यह बात गलत हो जाती है। दुनियाभर में आम लोगों को सबसे अधिक तीन लेयर वाले सर्जिकल मास्क पहनने की सलाह दी जाती है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट एन-95 मास्क पहनने की सलाह देते हैं, लेकिन एन-95 तुलनात्मक रूप से महंगे होते हैं और सभी लोगों के पास उपलब्ध भी नहीं होते।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *