इस्लामाबाद, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रधानमंत्री के विशेष सहायक ने ट्वीट कर इमरान के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है। इमरान फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। इमरान ने महज दो दिन पहले कोरोना से बचने के लिए चीनी कोरोना वैक्सीन की डोज ली थी। 18 मार्च को कोरोना वैक्सीन की डोज लेने के बाद इमरान खान ने पाकिस्तान की जनता से महामारी के मामलों में बढ़ोतरी को रोकने के लिए नियमों का पालन करने का आग्रह किया था। पाकिस्तान के पीएमओ ने ट्वीट किया था, ‘प्रधानमंत्री इमरान खान को आज टीका लगाया गया। इस मौके पर उन्होंने देश के लोगों से महामारी की तीसरी लहर के मद्देनजर मानक संचालन प्रक्रिया का पूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। पाकिस्तान में शनिवार को इस साल एक दिन में कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक 3,876 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही देश में संक्रमण दर बढ़कर 9.4 प्रतिशत हो गई है। पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दिए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक 623,135 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। बीते 24 घंटे के दौरान 40 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 13,799 हो गई है।
दो दिन पहले चीनी कोरोना वैक्सीन लगवाने वाले पाक पीएम इमरान खान हुए कोरोना संक्रमित