हवा का रुख उत्तरी होते ही मप्र में पड़ने लगेगी कंपकंपा देने वाली ठण्ड

भोपाल, मध्यप्रदेश जल्दी ही शीतलहर की चपेट में आने वाला है। हवा का रुख उत्तरी होते ही प्रदेश में हाड कंपकंपाने वाली ठंड के आगोश में होगा। हवा का रुख उत्तरी नहीं होने से राजधानी सहित मध्य प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अपेक्षाकृत ठंड नहीं पड़ रही है। न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बने हुए हैं। उत्तर भारत में लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण लगभग 10 दिन से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला बना हुआ है। पहाड़ों पर बर्फ की मोटी चादर सी बिछ गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में भी एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड के पास सक्रिय है। उसके प्रभाव से वहां बर्फबारी हो रही है। इस सिस्टम के आगे बढ़ने से हवा का रुख बदलने की संभावना है। बादल छंटकर मौसम के साफ होते ही प्रदेश के कई क्षेत्रों के शीतलहर की चपेट में आने की संभावना है। राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम का मिजाज पिछले तीन दिन से बिगड़ा हुआ है। रुक-रुककर बरसात हो रही है और बादल छाए हुए हैं। इस वजह से दिन का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है और वातावरण में ठंड महसूस हो रही है, लेकिन रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में अरब सागर में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। उस सिस्टम से लेकर पश्चिमी मप्र तक एक द्रोणिका लाइन (ट्रफ) बनी हुई है। हवा का रुख भी दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से लगातार नमी मिल रही है। इससे बादल छाए हुए है और कहीं-कहीं बारिश भी हो रही है। बुधवार-गुरुवार तक रात के तापमान में चार डिग्री तक गिरावट हो सकती है। साथ ही प्रदेश में कहीं-कहीं शीतलहर भी चल सकती है।शुक्ला के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के मंगलवार तक उत्तर भारत से आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद हवा का रुख उत्तरी होने लगेगा। साथ ही वातावरण से नमी भी कम होने लगेगी। बादल छंटने से धूप निकलेगी। इससे दिन के तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा, लेकिन रात के तापमान में तेजी से गिरावट होने लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *