कोलकाता, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की सुरक्षा बढाई गई है। पिछले दिनों पश्चिम बंगाल में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला किया गया था। इसके साथ ही कैलाश विजयवर्गीय की गाड़ी पर भी पत्थर फेंके गए थे, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। हमले के बाद कैलाश विजयवर्गीय की सुरक्षा बढ़ाकर जेड श्रेणी की कर दी गई है। इसके साथ ही कैलाश विजयवर्गीय को बुलेट प्रूफ गाड़ी भी मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों पश्चिम बंगाल के दौरे पर गए जेपी नड्डा के काफिले पर हमला किया गया था। इस हमले में जेपी नड्डा सुरक्षित रहे थे, क्योंकि वह बुलेटप्रूफ गाड़ी में बैठे थे। इसी दिन सिलीगुड़ी में कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर भी हमला किया गया था, जिसमें उनके हाथ पर चोट आई थी।
कैलाश विजयवर्गीय पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी हैं और बंगाल में पार्टी की ओर से मोर्चा संभाले हुए हैं। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले भाजपा लगातार अपनी स्थिति को मजबूत करने में लगी है। बीते दिनों जब जेपी नड्डा और कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर हमला किया गया, तो भाजपा ने इसका आरोप टीएमसी पर लगाते हुए ममता सरकार पर निशाना साधा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत सभी प्रमुख नेताओं ने ममता सरकार की आलोचना की थी। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी इस घटना पर गृह मंत्रालय को रिपोर्ट भेजी थी। भाजपा और टीएमसी में बढ़ रहे टकराव के बीच गृह मंत्री अमित शाह 19-20 दिसंबर को फिर बंगाल का दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे।
WB में नड्डा के काफिले पर हमले के बाद विजयवर्गीय को दी गई जेड श्रेणी की सुरक्षा और बुलेट प्रूफ गाड़ी