नई दिल्ली,कोरोनारोधी वैक्सीन के आपात इस्तेमाल के लिए फाइजर इंक और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा मांगी गई इजाजत ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया दो सप्ताह के अंदर दे सकता है। सूत्रों ने बताया को बताया कि फाइजर और सीरम इंस्टीट्यूट की तरफ से किए गए आवेदन पर डीसीजीआई द्वारा एक से दो सप्ताह में निर्णय लेने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह दोनों वैक्सीन की समीक्षा करने के लिए डीसीजीआई ने एक विशेष विशेषज्ञ समिति का गठन कर दिया है। एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि हम समीक्षा की प्रक्रिया में हैं। यह एक त्वरित समीक्षा प्रक्रिया है, जो सीरम के लिए भी है। अधिकारी ने कहा कि यह समय की जरूरत है। हमें जल्द से जल्द समीक्षा करनी होगी। ज्ञात हो कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और फाइजर ने अपने-अपने कोरोना वैक्सीन के इमरजेंसी उपयोग के लिए आवेदन किया है।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की है कि उनकी कंपनी ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा विकसित कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड के इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए डीसीजीआई से अनुमति मांगी है। पूनावाला ने ट्वीट करके कहा, वादे के अनुसार, साल 2020 खत्म होने से पहले सीरम इंस्टीट्यूट ने पहली भारत निर्मित कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड के इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए आवेदन किया है। इससे अनगिनत जिंदगियां बचेंगी और मैं भारत सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अमूल्य सहयोग के लिए धन्यवाद देता हूं।
गौरतलब है कि कोविशील्ड ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और दवा कंपनी एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित वैक्सीन है और एसआईआई भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के सहयोग से भारत में इस वैक्सीन का दूसरे और तीसरे चरण का ह्यूमन ट्रायल कर रहा है। एसआईआई साथ ही भारत में इस वैक्सीन का निर्माण भी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, एसआईआई इस वैक्सीन की चार करोड़ डोज बना चुका है। यह वैक्सीन दो से आठ डिग्री के तापमान पर रखी जाती है, इसीलिए ऐसा कहा जा रहा है कि भारत में इसका इस्तेमाल अधिक आसान है। इससे एक दिन पहले दवा कंपनी फाइजर ने अपनी कोरोना वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की मंजूरी के लिए डीसीजीआई के समक्ष गत चार दिसंबर को आवेदन किया था। ब्रिटेन और बहरीन में इस्तेमाल की मंजूरी मिलने के बाद अमेरिकी दवा कंपनी फाइजर ने अपनी कोरोना वैक्सीन के भारत में इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए डीसीजीआई से अनुमति मांगी है। फाइजर की वैक्सीन के इस्तेमाल के लिए ब्रिटेन और बहरीन में मंजूरी दी जा चुकी है।
फाइजर और सीरम को कोरोना वैक्सीन के आपात इस्तेमाल के लिए दी जा सकती है मंजूरी