अशोकनगर के कलेक्टर और एसपी को हटाने के बाद अब रिटर्निंग अधिकारी को भी हटाया गया

अशोकनगर, उप चुनाव की आचार संहिता लगने के बाद से ही अशोकनगर जिला चर्चा में है। एक दिन पहले ही यहाँ से कलेक्टर, एसपी का तबादला हुआ था। मंगलवार को निर्वाचन आयोग ने अशोकनगर विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी रवि मालवीय को भी जिले से हटा दिया। इनका तबादला सामान्य प्रशासन विभाग में कर्तव्यस्थ अधिकारी के रूप में किया गया है।
दरअसल उपचुनाव की आचार संहिता के बाद से ही कांग्रेस नेताओं ने शिकायतें करना शुरू कर दीं थी। उन्होंने अफसरों पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया था। रविवार को कांग्रेस प्रत्याशी आशा दोहरे ने शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर गांधी पार्क पर अनशन किया था। कांग्रेस ने चेतावनी दी थी कि अगर 48 घंटे में कार्रवाई नहीं की गई, तो फिर से अनशन किया जाएगा। इससे पहले 19 अक्टूबर को कांग्रेस द्वारा कलेक्ट्रेट का घेराव किया जा चुका है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रशासन ने शिकायतों पर कार्रवाई की, मगर यह ठोस नहीं थी। ऐसे में जाहिर है कि प्रशासन अपनी कार्रवाई से कांग्रेस नेताओं को संतुष्ट नहीं कर पाया। ऐसे में रविवार को देर रात पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया का तबादला आदेश जारी कर दिया गया। वहीं, सोमवार को कलेक्टर अभय वर्मा का भी तबादला हो गया। इसके बाद मंगलवार सुबह रिटर्निंग अफसर रवि मालवीय को भी जिले से हटा दिया है। आदेश के मुताबिक जिले में मालवीय के स्थान पर संयुक्त कलेक्टर शाहिद खान को पदस्थ किया गया है। उन्हें जबलपुर से अशोकनगर भेजा है। मालूम हो, कि अशोकनगर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी आशा दोहरे ने रिटर्निंग अधिकारी रवि मालवीय और तत्कालीन कलेक्टर अभय वर्मा की शिकायत करते हुए उन पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया था। दोनों अधिकारियों की शिकायत की सूची निर्वाचन आयोग को भेजी थी, इसके बाद प्रत्याशी ने अनशन भी किया था। एक दिन पहले सोमवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को हटा दिया गया था। मंगलवार को निर्वाचन आयोग ने रिटर्निंग अधिकारी का भी यहां से तबादला कर दिया है।
निर्वाचन आयोग की बड़ी कार्यवाही:
कांग्रेस की मांग पर 24 घंटे के अंदर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अभय वर्मा, एसपी रघुवंश भदौरिया, एसडीएम एवं रिटर्निंग ऑफिसर रवि मालवीय पर गाज गिरी है। जिले के इतिहास में यह पहला मौका है जब एक साथ जिले के प्रशासनिक और पुलिस विभाग के मुखिया सहित एसडीएम का तवादला किया गया है। तवादला होते ही नई कलेक्टर प्रियंका दास, पुलिस अधीक्षक तरुण नायक ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वहीं अनुमान लगाया जा रहा है कि जिले में और भी अधिकारियों के तवादले कांग्रेस की शिकायत पर हो सकते हैं।
17वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण:
नवागत कलेक्टर श्रीमति प्रियंका दास ने सोमवार सायंकाल रेस्टहाउस अशोकनगर पहुंचकर 17 वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। साथ ही उन्होंने जिला कोषालय के स्ट्रांग रूम(खजाना) का भी प्रभार लिया। मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी आदेशानुसार वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी श्रीमति प्रियंका दास को अशोकनगर कलेक्टर पदस्थ किया गया है। श्रीमति दास इसके पूर्व प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम भोपाल के पद पर पदस्थ थीं। श्रीमति दास टीकमगढ, होशंगावाद, मुरैना में भी कलेक्टर के रूप में तथा कमिश्नर नगर निगम भोपाल के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *