ठंड में ज्यादा तेजी से होता है कोरोना वायरस का प्रसार

नई दिल्ली, विशेषज्ञों का मानना है कि सर्दियों के मौसम में कोरोना का प्रकोप बढ़ सकता है। यह मौसम सार्स, इंफ्लूएंजा आदि बीमारियों के पांव पसारने के अनुकूल होता है। कोरोना वायरस का प्रभाव ठंडी या सूखी जलवायु में ज्यादा होता है। फ्लू जैसी बीमारियां ठंड व कम तापमान व आर्द्रता में ज्यादा तेजी से फैलती हैं। ठंड में सूरज की रोशनी कम होने के कारण विटामिन डी का स्तर कम हो जाता है और इसके कारण इम्युनिटी भी प्रभावित होती है। इससे कोरोना समेत संक्रमण से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा ठंड में सांस से निकलने वाले भाप के जरिए वायरस के फैलने का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। कोरोना वायरस के प्रसार के लिए घरों की बनावट भी मददगार साबित हो सकती है। मसलन, तापमान के संतुलन के लिए घरों में बनाए गई वेंटिलेशन प्रणाली कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलने में मददगार साबित हो सकती हैं।
एक पत्रिका में हाल ही में प्रकाशित अध्ययन में कहा गया है कि ठंड के दिनों में जब लोग घरों में ज्यादा समय बिताते हैं तब वेंटिलेशन प्रणाली के जरिए कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। अध्ययन में दावा किया गया है कि कोरोना खुले के मुकाबले बंद जगह में ज्यादा तेजी से फैलता है। खुली जगह पर कोरोना के ड्रॉपलेट्स व एरोसोल को लोगों के संपर्क में आने में ज्यादा समय लगता है, इसलिए उसके प्रसार की रफ्तार कम होती है। नीति आयोग के सदस्य विनोद पॉल के अनुसार, हम कोरोना महामारी के शुरुआती दौर पर गौर करते हैं, जब कहा गया था कि जून में यह चरम पर होगी। हालांकि, सर्दियों के मौसम में सांसों की बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए, हमें सतर्क रहते हुए संक्रमण को कम रखने में मदद करनी होगी। वैसे तो पूरे भारत में कोरोना संक्रमण के दूसरे दौर की आशंका नहीं है, लेकिन दिल्ली, केरल और पंजाब में फिर से कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज होना चिंतित करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि आनेवाले कुछ महीने बेहद अहम हैं। खासकर त्योहारों के महीने में जब लोगों मिलना-जुलना ज्यादा होता है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *