भोपाल, प्रदेश के ग्वालियर क्षेत्र से मानसून की विदाई हो गई। राजधानी में अभी मानसून की विदाई नहीं होगी। वहीं मौसम साफ होने और नमी कम होते ही रात के तापमान में गिरावट शरू हो गई है। इससे रात में हल्की ठंड भी बढ़ गई है। राजधानी में शनिवार रात का तापमान 19 डिग्री पर आ गया। हालांकि दिन में गर्मी बनी हुई है। वहीं मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। यह सिस्टम राजधानी सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में 8 और 9 अक्टूबर को सक्रिय हो सकता है। इससे 8 अटूबर के बाद राजधानी में अच्छी बारिश हो सकती है। इस वजह से राजधानी से अभी मानसून की विदाई टल सकती है। राजधानी में सीजन की कोटे से ज्यादा बारिश हो चुकी है, लेकिन पिछले साल से कम है। पिछले साल सितंबर में 400 मिमी से ज्यादा बारिश हुई थी। पिछले साल अक्टूबर में भी 133.1 मिमी बारिश हुई थी, जो पिछले दस साल में सबसे ज्यादा थी।
भोपाल में मौसम साफ होते ही रात का पारा गिरा, 8 के बाद बारिश के आसार