नई दिल्ली, शनिवार को देश में कोरोना संक्रमण के रात 10 बजे तक 66,642 नए मामले सामने आने के साथ ही पीड़ितों की संख्या बढ़कर 65 लाख 38 हजार 576 हो गई। इनमें से 55 लाख से अधिक ठीक हो चुके हैं। जबकि 1,01,663 की मौत हो गई है। शनिवार को 2 दिन बाद फिर से नए संक्रमित मरीजों के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या अधिक थी। इस दिन 71,116 लोगों को इस बीमारी से मुक्ति मिली। हालांकि भारत में अभी भी कोरोना से प्रतिदिन होने वाली मौतों की संख्या पूरी दुनिया में सर्वाधिक है। फिर भी मौत के मामले में भारत अमेरिका और ब्राजील से पीछे है।
कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में शनिवार को 14,348 नए संक्रमित मरीज मिले और पीड़ितों की संख्या बढ़ाकर 14 लाख 30 हजार 861 हो गई। महाराष्ट्र में इस बीमारी से 37,758 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लाख 34 हजार 555 ठीक हो चुके हैं। शनिवार को आंध्रप्रदेश में 6224, कर्नाटक में 9886, तमिलनाडु में 5622, उत्तरप्रदेश में 3631, दिल्ली में 2258, वेस्ट बंगाल में 3340, ओडिशा में 3053, केरल में 7834, तेलंगाना में 1718, राजस्थान में 2150, गुजरात में 1347 और हरियाणा में 1188 नए संक्रमित मरीज मिले। बिहार में शनिवार को मिले नए संक्रमित मरीजों की संख्या कुल 983 है। यहां पर 87 हजार टेस्ट हुए थे। इस प्रकार बिहार ने कोरोनावायरस नियंत्रण में बड़े राज्यों में सबसे ज्यादा सफलता पाई है। यहां पर कुल 912 लोगों की ही मौत हुई है। देश में कुछ राज्यों में कोरोना तेजी से फैल रहा है। केरल ने कोरोनावायरस के फैलाव को देखते हुए धारा 144 लगा दी है।
देश में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 55 लाख के पार, संक्रमण 65 लाख से ऊपर