भोपाल में कोरोना के राज्य में सबसे अधिक 2131 एक्टिव केस

भोपाल, भोपाल में शुक्रवार को 150 केस नए केस मिले। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को स्वस्थ होने पर चिरायु अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं नागरिक आपूर्ति निगम मुख्यालय में पदस्थ सहायक महाप्रबंधक अशोक राय की कोरोना से मौत हो गई है। वह ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमित हुए थे, पॉजिटिव होने पर उन्हें एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार की रात को उनका निधन हो गया। कोरोना के कहर से दो दिन के अंदर एक एएसआई अंसार अहमद, एक होम्योपैथी डॉक्टर हेमंत वाणी और अब नागरिक आपूर्ति निगम के सहायक महाप्रबंधक की मौत हो गई।
जीएमसी में एक और डॉक्टर कोरोना संक्रमित
शुक्रवार को जीएमसी में तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई, जिसमें एक मेडिसिन विभाग के एक डॉक्टर भी शामिल हैं। ये लगातार दूसरा दिन है, जब जीएमसी में डॉक्टर संक्रमित पाए गए हैं। राजधानी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7525 हो गई है। वहीं, 24 घंटे के अंदर 5 मौतें हो गई हैं। इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 212 हो गया है। कुल एक्टिव केस 2131 हो गए हैं, ये मामले राज्य में सबसे अधिक हैं।
वीडी शर्मा अस्पताल से डिस्चार्ज
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को स्वस्थ होने पर चिरायु अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उनके साथ ही भोपाल के संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी भी डिस्चार्ज हो गए। वीडी शर्मा 10 दिन पहले कोरोना संक्रमण के चलते भर्ती हुए थे। दोनों का स्वास्थ्य बेहतर था और कोरोना का कोई लक्षण नहीं मिलने पर आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, मैं पूर्णत: स्वस्थ हूं और आज अस्पताल से घर लौट आया हूं। गाइडलाइन अनुसार 7 दिन तक घर पर ही रहूंगा। अब भी चिरायु अस्पताल में छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव से विधायक सुनील उइके और सागर के देवरी से विधायक व पूर्व मंत्री हर्ष यादव कोरोना के इलाज के लिए भर्ती हैं। ये दोनों कांग्रेस विधायक हैं। प्रदेश में अब तक 13 विधायक संक्रमित हो चुके हैं।
राघवी थाना प्रभारी कोहली की इलाज के दौरान मौत
उज्जैन जिले के महिदपुर स्थित राघवी थाना प्रभारी रामचंद्र कोहली की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। 4 दिन पहले राखी मनाने वे पत्नी के साथ इंदौर आए थे। यहां से लौटते समय एक ट्रक ने उनकी कार को पीछे से चपेट में ले लिया था। उन्हें और पत्नी दोनों को बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हादसा अरविंदो अस्पताल के आगे इंदौर-उज्जैन हाइवे पर हुआ था। राघवी थाना के प्रभारी रामचंद्र कोहली अपनी पत्नी के साथ राऊ राखी पर आए थे। कार से लौटते समय अचानक पीछे से एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *