नई दिल्ली, कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री ने जुलाई महीने में 151 एलएचबी कोच का निर्माण किया है। यह एक महीने में आरसीएफ द्वारा सबसे ज्यादा एलएचबी कोच बनाए गए हैं। 2002 से अब तक ये एक महीने में सबसे बड़ा उत्पादन है। एक बयान के मुताबकि, आरसीएफ ने मौजूदा वित्तीय वर्ष के पहले चार महीने में 310 कोचों का प्रोडक्शन किया है, जिसमें 307 आधुनिक एलएचबी कोच हैं। 2003 में राजधानी एक्सप्रेस के पहले एलएचबी रेक का निर्माण करने के बाद से आरसीएफ की यह उल्लेखनीय यात्रा रही है। आरसीएफ ने अब तक 6500 एलएचबी कोचों का निर्माण किया है।
शुरुआत में एलएचबी कोच का इस्तेमाल केवल भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों जैसे राजधानी, शताब्दी और दुरंतो एक्सप्रेस में किया जाता था, लेकिन अब रेलवे ने पैसेंजर ट्रेनों को एलएचबी रेक पर चलाने का फैसला किया है, जो पहले के आईसीएफ कोचों की तुलना में ज्यादा हल्का और सुरक्षित है। रेल मंत्री ने आरसीएफ के कामों की सराहना करते हुए ट्वीट किया, सुरक्षित एलएचबी कोचों का उत्पादन ‘मेक इन इंडिया’ की सफलता की एक और कहानी है! कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री ने जुलाई 2020 में 151 एलएचबी कोचों का उत्पादन कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है, जो जुलाई 2019 के उत्पादन का तीन गुना है। रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, यह अब तक का सबसे अधिक मासिक उत्पादन है।
एक महीने में रेलवे ने बनाए सबसे ज्यादा 151 एलएचबी कोच