निजी अस्पतालों में ट्रूनेट मशीन के इस्तेमाल के लिए आईसीएमआर से लो अनुमति

लखनऊ, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी निजी अस्पतालों में भी ट्रूनेट मशीन के इस्तेमाल की आईसीएमआर से अनुमति लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर ट्रूनेट मशीनों के जरिए तत्काल टेस्ट हो जाएगा तो बहुत से निजी अस्पतालों में नॉन कॉविड इलाज में बहुत आसानी हो सकेगी और मरीजों तथा चिकित्सकों को भी सुरक्षा दी जा सकेगी।
गृह एवं सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री ने टीम-11 की बैठक में ट्रूनेट मशीन के समीक्षा की। उन्होंने निजी अस्पतालों में ट्रूनेट मशीन के इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए आईसीएमआर से अनुरोध करते हुए अनुमति लेने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि योगी ने गाजियाबाद में एक बड़ी प्रयोगशाला स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गाजियाबाद के जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री से इस बारे में अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा विभाग को आदेश दिया कि गाजियाबाद में भी कोविड-19 की एक बड़ी लैब स्थापित की जाए, जिससे गाजियाबाद के मरीजों की टेस्टिंग उनके जिले में ही हो जाए और उन्हें इंतजार न करना पड़े।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा, जेल विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग तथा निजी अस्पतालों में बनी हेल्प डेस्क की समीक्षा की। उन्होंने सूचना विभाग को इसके वृहद प्रचार की निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 6500 से ज्यादा कोविड हेल्प डेस्क बन गयी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *