भोपाल, प्रदेश में रबी फसलों का उपार्जन चल रहा है। ज्यादातर उपार्जन केंद्रों पर बारदाना की कमी की वजह से खरीदी का काम ठप है। किसानों को खरीद केंद्रो के बाहर 4-5 दिन तक लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ रहा है। बारदाना की कमी को पूरा करने के लिए कृषि मंत्री कमल पटेल ने केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान को पत्र लिखा है।
पटेल ने केंद्र सरकार से मध्यप्रदेश में रबी विपणन वर्ष 2020-21 में गेहूँ, चना, मसूर एवं सरसों के उपार्जन के लक्ष्य को दृष्टिगत रखते हुए पर्याप्त मात्रा में बारदानों की उपलब्धता कराये जाने के लिये अनुरोध किया है। मंत्री पटेल द्वारा बताया गया कि केन्द्रीय मंत्री को 10 हजार गठान जूट (बीटी गठान) बारदाना की अतिरिक्त आवश्यकता से अवगत कराया गया है। उन्होंने इस संबंध में केन्द्रीय मंत्री पासवान से दूरभाष पर चर्चा भी की। पटेल ने बताया कि प्रदेश को बारदानों की अतिरिक्त खेप शीघ्र ही प्राप्त हो होगी।
31 तक होगी गेहूं खरीदी
प्रदेश में अभी तक 118 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा खरीदी हो चुकी है। जो अभी तक रिकॉर्ड उपार्जन है। सरकार ने गेहूं खरीदी की समय सीमा 31 मई तक बढ़ा दी है। साथ ही चना, सरसों एवं मसूर की भी खरीदी की सीमा 31 मई से आगे बढ़ाई जा रही है।
मप्र में बारदाना की कमी से खरीदी ठप हुई, कृषि मंत्री ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र