भोपाल, प्रदेश आगामी 9 जून से प्रारंभ हो रही बारहवीं की परीक्षा में बैठने वाले छात्रों के अभिभावकों को सुनिश्चित करना होगा कि उनका बच्चा बीमार नहीं है, तभी वे परीक्षा केंद्र पर भेजेंगे। अगर किसी विद्यार्थी को बुखार, सर्दी-खांसी है तो उसके अभिभावक को बताना होगा, जिससे उसके लिए अलग कक्ष में बैठने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही अभिभावकों को अपने बच्चों को कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए उनके द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी देनी होगी। परीक्षा तैयारियों के संबंध में माध्यममिक शिक्षा मंडल द्वारा यह निर्देश जारी किया है। इसके अलावा बच्चों को मास्क पहनना होगा और अपने साथ पानी की बोतल भी लानी होगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी ने मंडल के अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अगर परीक्षा केंद्र पर पानी की व्यवस्था की जाएगी तो डिस्पोजल ग्लास रखा जाएगा। साथ ही परीक्षा कक्ष में सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन हो और प्रत्येक बच्चे के हाथ सैनिटाइज कराए जाएं। साथ ही उनकी स्क्रीनिंग भी की जाए। लॉकडाउन के कारण 20 मार्च के बाद की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। निर्देश दिया है कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र को सैनिटाइज किया जाए।परीक्षा कार्य में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को मास्क पहनना होगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों को एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।ज्ञात हो कि बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश भर के 3657 परीक्षा केंद्रों पर करीब आठ लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बारहवीं की परीक्षा 9 जून से होगी, बच्चा अगर बीमार है तो पालकों को देना होगी जानकारी