बॉर्डर के नजदीक चीनी सेना के हेलिकॉप्टर दिखाई देते ही भारत ने उतार दिए अपने लड़ाकू विमान

नई दिल्ली,भारत-चीन सीमा पर तनाव बढ़ गया है। चीन की हिमाकत का जवाब देने के लिए भारतीय लड़ाकू विमानों ने बॉर्डर पर उड़ान भरी। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि चीन के मिलिट्री हेलीकॉप्टर भारतीय सीमा के करीब आ गए थे।
सूत्रों के मुताबिक लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर यह तनातनी पिछले हफ्ते लद्दाख और उत्तरी सिक्किम में हुई थी। पिछले दिनों उत्तरी सिक्किम में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच आमना-सामना हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के सदस्यों को मामूली चोटें भी आईं थीं। इस दौरान भारतीय और चीनी जवानों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी हुई थी। जिसमें दोनों ओर के कई सैनिक घायल हुए थे। हालांकि, बाद में ब्रिगेडियर स्तर की बातचीत के बाद सैनिकों को हटा दिया गया था।
भारत और चीनी सेना के बीच केवल उत्तरी सिक्किम में ही नहीं बल्कि 5 मई को लद्दाख में भी झड़प हुई थी। भारत और चीन की सेना के जवान लद्दाख में भी एक-दूसरे से भिड़ गए थे। 6 मई को दोनों सेनाओं के बीच विवाद सुलझ गया था। इसके बाद एलएसी पर चीनी सैन्य हेलिकॉप्टर को उड़ान भरते देखा गया। इसके बाद भारतीय वायुसेना भी अलर्ट मोड में आ गई। आनन-फानन में लद्दाख बॉर्डर पर लड़ाकू विमानों की तैनाती की गई।
इसके साथ ही लड़ाकू विमानों ने बॉर्डर पर उड़ान भरकर चीन को करारा जवाब दिया। पाकिस्तान और चीन कोरोना संकट के बीच भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। सरकार के शीर्ष सूत्रों ने बताया जैसे ही चीनी हेलिकॉप्टरों की आवाजाही शुरू हुई, भारतीय लड़ाकू विमानों को लद्दाख सेक्टर में सीमावर्ती क्षेत्रों में ले जाया गया। भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान ने नजदीकी बेसकैंप से उड़ान भरी थी। फिलहाल, चीनी हेलिकॉप्टरों ने भारतीय वायु क्षेत्र का उल्लंघन नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *