आगरा में कोरोना से हालात हुए ख़राब 700 पार हुए पीड़ित , 20 की गई जान

आगरा, उत्तर प्रदेश के कोरोना हॉट स्पॉट बनकर उभरे आगरा शहर में इसका प्रकोप जारी है। यहां 24 घंटे में 23 नए मामले सामने आए। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 700 पार पहुंच गई है। कुल 701 केस के साथ यहां 20 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिले में अब टोटल एक्टिव केस की संख्या 376 है जबकि 303 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। जिला प्रशासन 42 हॉटस्पॉट पर कड़ी निगरानी कर रहा है।
ज्ञात हो कि इससे पहले गुरुवार को जिले में कोविड-19 के कारण दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक समाचार पत्र के पत्रकार भी शामिल हैं। जिलाधिकारी कार्यालय के अनुसार सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला की भी इस बीमारी के कारण मौत हो गई। दोनों का आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। शहर में गुरुवार को संक्रमण के 11 नए मामले सामने आए जिसके साथ यहां संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 678 हो गई थी। इससे पहले बुधवार को यहां दो सिपाहियों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। कानपुर में तैनात महिला सिपाही की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि एक मई को जिस सिपाही की मौत हुई थी, उसमें भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके अलावा एक रोडवेजकर्मी की भी संक्रमण से मौत हो गई, उधर बुधवार को 27 नए मरीज मिलने के बाद संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 667 पहुंच गया। हालांकि 28 मरीज स्वस्थ होकर घर भी लौटे।
बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में जेल में बंद एक कैदी भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। जिसके बाद जिस बैरक में वह बंद था वहां हड़कंप मच गया। जेल के अन्य कैदियों को अब आईसोलेट किया गया है। संक्रमित कैदी झांसी का रहने वाला है और उसका इलाज एसएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। लगातार कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के बाद आगरा अब यूपी का सबसे बड़ा हॉट स्पॉट बन गया है। आगरा में बढ़ते पॉजिटिव मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने और सख्ती बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों से शहर में कफ्र्यू जैसा माहौल है। पुलिस के साथ ही पीएसी को भी सड़कों पर उतार दिया गया है। साथ ही अब शहर में सब्जी व दूध बेचने के लिए भी अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति के सब्जी या दूध बेचने पर एफआईआर दर्ज होगी। रविवार को दो सब्जी विक्रेताओं में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। साथ ही शहर की तीन सब्जी मंडियों को भी बंद कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *