छत्तीसगढ़ में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर,सब इंस्पेक्टर शहीद

राजनंदगांव, छत्तीसगढ़ में शनिवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मानपुर पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले परधोनी गांव में मुठभेड़ हुई। जिसमें एक पुलिस सब इंस्पेक्टर शहीद हो गए। वहीं चार नक्सली मारे गए हैं। इनके पास से एक एके-47 राइफल, एक एसएलआर हथियार और .315 बोर की दो राइफल बरामद हुई हैं। चारों नक्सलियों के शव मिल गए हैं। यह जानकारी राजनंदगांव के एएसपी जीएन बघेल ने दी।
10 जवानों से संपर्क नहीं
टीम में शामिल दस जवानों से देर रात तक संपर्क नहीं हो पा रहा है। जिला मुख्यालय से करीब सौ किलोमीटर दूर मानपुर थाने की पुलिस रोजाना की तरह शुक्रवार को भी सर्चिंग पर निकली थी। रात करीब नौ बजे ग्राम परदोनी के जंगल की पहाड़ी पर घात लगाए नक्सलियों ने नीचे से गुजर रही पुलिस टीम को एंबुश में फंसाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों के मोर्चा संभालते तक गोली सब इंस्पेक्टर श्यामकिशोर शर्मा के पेट में जा लगी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। करीब एक घंटे तक दोनों तरफ से लगातार फायरिंग हुई। शहीद श्यामकिशोर मूल रूप से अंबिकापुर के निवासी थे।
बैकअप पार्टी भेजी गई
एसपी जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि मानपुर से बैकअप पार्टी भेजी गई है, जो मौसम खराब होने के कारण जंगल में नहीं घुस पा रही है। पुलिस पार्टी के कुछ जवान लौट आए हैं। दस अन्य जवानों से संपर्क की कोशिश हो रही है। शहीद श्यामकिशोर शर्मा और चार नक्सलियों का शव मानपुर अस्पताल ले आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *